अजित पवार, प्रफुल्ल पटेल और छगन भुजबल पर शरद पवार ने साधा निशाना
शरद पवार की एनसीपी में फूट पड़ने के बाद महाराष्ट्र की सियासत उबाल मारने लगी है. शरद पवार और अजित पवार के समर्थकों में जहां उहापोह की स्थिति बनी हुई है, तो वहीं शरद पवार अपने बागी सदस्यों को सबक सिखाने में जुट गए हैं. इसी कड़ी में अजित पवार समेत लगभग 30 विधायकों के चले जाने के बाद शरद पवार ने नाशिक जिले के येवला विधानसभा क्षेत्र का पहली बार दौरा किया. शरद पवार के राज्यव्यापी दौरे की शुरुआत नाशिक जिले के येवला विधानसभा क्षेत्र से हुई. येवला विधानसभा क्षेत्र में आयोजित अपनी सभा से पहले शरद पवार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस लिया और बागी नेताओं द्वारा किए गए आरोपों पर जोरदार पलटवार किया. इसके अलावा अपने राज्यव्यापी दौरे की शुरुआत शरद पवार ने नाशिक के येवला विधानसभा क्षेत्र से ही क्यों की, यह भी उन्होंने मीडिया को सविस्तार में बताया. शरद पवार के मुताबिक नाशिक जिला हमेशा से ही कांग्रेसी विचारधारा का रहा है उन्होंने अपने गुरु का जिक्र करते हुए कहा कि यशवंतराव चव्हाण निर्विरोध संसद पहुंचे थे, इसलिए अपने नए काम की शुरुआत शरद पवार ने नाशिक के येवला विधानसभा क्षेत्र की.