अमित शाह की बैठक में कोरोना पीड़ितों के लिए मुआवजे की मांग
संवाददाता/in24 न्यूज़.
कोरोना महामारी लगातार लोगों को अपना शिकार बनती जा रही है. इस मामले में भारत दुनिया में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है. इस मामले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ सर्वदलीय बैठक में आज कांग्रेस पार्टी ने कई मांगे रखी। दिल्ली कांग्रेस के नेताओं ने सरकार की तरफ से सभी कोरोना संक्रमितों को दस-दस हजार रुपए देने की मांग की। बता दें कि आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अगुवाई में दिल्ली में कोरोना के हालात को लेकर सर्वदलीय बैठक बुलाई गई थी। बैठक में कांग्रेस पार्टी के नेता काफी मुखर नजर आए। कांग्रेसी नेताओं ने कहा कि कोरोना जांच का अधिकार हरेक नागरिक को है। लिहाजा सबका कोरोना टेस्ट हो। साथ ही संक्रमितों को सरकार की तरफ से मुआवजा भी दिया जाए. कांग्रेस ने वैसे परिवारों को भी सरकारी आर्थिक सहायता देने की मांग की है। दो कोरोना से पीड़ित तो नहीं हैं लेकिन कन्टेनमेंट जोन में रह रहे हैं। बैठक में डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ की संख्या बढ़ाने का अहम सुझाव दिया गया। इसके लिए नर्सिंग, मेडिकल और फार्मा कॉलेज में पढ़ रहे छात्रों की मदद लेने का प्रस्ताव दिया गया। रेलवे के एयरकंडीशन कोच, स्टेडियम, प्रदर्शनी स्थलों, यूनिवर्सिटी के हॉस्टल का इस्तेमाल क्वारनटीन सेंटर और आइसोलेशन सेंटर के तौर पर करने का सुझाव दिया गया। बैठक में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता, आम आदमी पार्टी की तरफ से संजय सिंह, कांग्रेस के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी मौजूद रहे। उच्चाधिकारियों में शुमार केंद्रीय गृह सचिव, केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव, दिल्ली के चीफ सेक्रेटरी, और दिल्ली सरकार के प्रधान सचिव स्वास्थ्य भी शामिल थे। बता दें कि दिल्ली में कोरोना संक्रमण को लेकर हालात बेहद खराब है। बीते 24 घंटे में दिल्ली में 2224 नए मरीज सामने आए हैं जबकि 56 लोगों की मौत हुई है। राजधानी में कोरोना संक्रमण का मामला जल्दी ही पचास हजार के पहुंच जाएगा। दिल्ली की स्थिति संभालने की जिम्मेदारी राज्य के साथ ही केंद्र की भी बनती है। लिहाजा खुद गृह मंत्री लगातार मैराथन बैठकें कर रहे हैं।