Breaking News

असम के पूर्व सीएम प्रफुल्ल कुमार महंत की बिजली और पानी का कनेक्शन काटा गया

03 Nov, 2022 615

संवाददाता/in24 न्यूज़.
असम (Assam) के पूर्व सीएम प्रफुल्ल कुमार महंत (Prafulla Kumar Mahanta) पर नियम तोड़ने के आरोप लगे हैं. सरकारी आवास खाली न करने के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है. आज उनके सरकारी आवास की बिजली गुल कर दी गई और पानी का कनेक्शन भी काट दिया गया. पूर्व सीएम प्रफुल्ल कुमार महंत विधानसभा क्वार्टर में रहते हैं. अधिकारियों के मुताबिक, कई बार नोटिस मिलने के बावजूद भी वह वहां रह रहे थे. इसलिए इस तरह का कदम उठाया गया है.एक सरकारी अधिकारी के मुताबिक, महंत वर्तमान में विधायक नहीं हैं इसलिए उन्हें वहां रहने का कोई अधिकार नहीं है. बता दें कि असम की राज्य सरकार का सामान्य प्रशासन विभाग माननीयों को आवास उपलब्ध कराने का काम देखता है. वहीं एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि असम सचिवालय विधायकों के आवास के लिए नए आवासीय परिसरों का निर्माण कर रहा है जिसके चलते सभी विधायकों को पुराने क्वार्टर को खाली करने के लिए नोटिस भेजा गया था.  जनरल एडमिनिस्ट्रेशन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक 15 अगस्त तक पूर्व सीएम महंत को छोड़कर सभी विधायकों ने अपने घर खाली कर दिए, जो अब विधायक भी नहीं हैं और पिछले ढाई महीने से सात दिन के विस्तार के लिए अनुरोध करते रहे. बता दें कि साल 1985 में जब प्रफुल्ल कुमार महंत पहली बार असम के मुख्यमंत्री बने तब उन्हें ये बंगला आवंटित किया गया था. तब से लेकर अब तक वह वहीं रह रहे हैं. इस बंगले को तीन क्वार्टर को मिलाकर बनाया गया था.अधिकारी का कहना है कि पूर्व मुख्यमंत्री को अनुरोध पर वहां रहने की अनुमति दी गई थी. वह लगातार भेजे गए कई नोटिसों के बावजूद भी क्वार्टर खाली नहीं कर रहे थे, इसलिए विभाग को वहां पानी और बिजली का कनेक्शन काटना पड़ा. उन्होंने कहा कि दूसरी ओर सीएम हिमंत बिस्वा की सरकार के अधिकारियों पर आरोप लगाते हुए महंत की पत्नी जोयाश्री गोस्वामी महंत ने दावा किया है कि वो पहले ही एक नए घर में शिफ्ट हो चुके हैं. फिलहाल इस मामले पर सियासत शुरू हो गई है.

अन्य खबरे