Breaking News

गुजरात में आप विधान सभा की सभी सीटों पर लड़ेगी : केजरीवाल

14 Jun, 2021 870

संवाददाता/in24 न्यूज़.
आम आदमी पार्टी ने तय किया है कि गुजरात में वह हर सीट पर लड़ेगी। गुजरात विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी की तैयारियों का जायज़ा लेने के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज अहमदाबाद पहुंचे हुए हैं। केजरीवाल एयरपोर्ट से सीधे सर्किट हाउस गए। वह यहां पर आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने 2022 में गुजरात की सभी 182 सीटों पर आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों का उतारने का ऐलान किया। केजरीवाल ने गुजरात के एक नए मॉडल का वादा करते हुए कहा कि दिल्ली मॉडल अलग है और गुजरात का एक अलग मॉडल होगा। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी गुजरात के लोगों के मुद्दों पर सियासत करेगी। उन्होंने कहा कि 2022 के चुनाव में यहां की जनता के मुद्दों पर चुनाव लड़ा जाएगा और चेहरा भी यहां का रहेगा। सीएम केजरीवाल ने कहा कि आज गुजरात की जो स्थिति है, ये भाजपा कांग्रेस सरकार की कारस्तानी है। पिछले 27 वर्षों से गुजरात में एक ही पार्टी की सरकार है, ये 27 साल कांग्रेस भाजपा की दोस्ती की कहानी है। उन्होंने कहा कि कहते हैं कांग्रेस, भाजपा की जेब में हे, बीजेपी को जब आवश्यकता रहती है तो उन्हें कांग्रेस सप्लाई करती है। बता दें कि केजरीवाल ने रविवार को ही ट्वीट कर अपने गुजरात दौरे की जानकारी दी थी। गुजरात में विधानसभा चुनावों से पहले आम आदमी पार्टी को विस्तार देने के इरादे से सीएम केजरीवाल यह दौरा कर रहे हैं। केजरीवाल ने आज अहमदाबाद में आम आदमी पार्टी के कार्यालय का उद्घाटन भी किया। गुजरात चुनाव में जिस तरह आम आदमी पार्टी हर सीट से लड़ने का मन बना रही है, इससे यहां के चुनाव की तस्वीर बेहद दिलचस्प होगी।

अन्य खबरे