आंबेडकर की अनदेखी कांग्रेस की तरह किसी ने नहीं की : मोदी
संवाददाता/in24 न्यूज़.
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि जब-जब देश की सबसे पुरानी पार्टी और उसके सहयोगी सत्ता में आते हैं, तब-तब शासन उल्टी दिशा में चलने लगता है। जमुई लोकसभा सीट से लोजपा उम्मीदवार चिराग पासवान के पक्ष में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने आरोप लगाया कि बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर की कांग्रेस की तरह किसी अन्य दल ने अनदेखी नहीं की। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके प्रतिद्वंद्वी यह झूठ फैला रहे हैं कि यदि भाजपा फिर से सत्ता में आई तो पिछड़े वर्गों का आरक्षण खत्म कर देगी। मोदी ने कहा कि जब कांग्रेस और इसके सहयोगी सत्ता में होते हैं तो शासन उल्टी दिशा में चलने लगता है। कांग्रेस जब सत्ता में होती है तो आतंकवाद, महंगाई, हिंसा, भ्रष्टाचार, कालाधन बढ़ जाता है जबकि देश की समृद्धि, इसकी विश्वसनीयता, सशस्त्र बलों का मनोबल और ईमानदारी के प्रति आदर घट जाता है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने भारतीय संविधान के निर्माण में अहम भूमिका निभाने वाले आंबेडकर को हराने के लिए सारे जतन किए थे।