Breaking News

आज शाम कर्नाटक का चुनाव प्रचार होगा खत्म

08 May, 2023 583

संवाददाता/in24 न्यूज़।
आज शाम तक कर्नाटक (Karnataka) में चुनाव प्रचार (election campaign) खत्म हो जाएगा। शाम पांच बजे के बाद सार्वजनिक रैलियों, सभाओं, समारोहों और लाउडस्पीकरों के उपयोग पर प्रतिबंध होगा। कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डी.के. शिवकुमार आज पहली बार अपने कनकपुरा निर्वाचन क्षेत्र में प्रचार कर रहे हैं। दोपहर तीन बजे वह शहर में जनसभा को संबोधित करेंगे। भाजपा ने यहां से राजस्व मंत्री आर. अशोक को मैदान में उतारा है। उसे उम्मीद है कि वह और शिवकुमार को चुनौती दे सकेंगे। प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) सुबह 10.30 बजे से 11 बजे तक बेंगलुरु के चिकपेट में और 11.45 बजे से दोपहर बाद 1.15 बजे तक विजयनगर विधानसभा क्षेत्रों में रोड शो करेंगी। दोपहर 1.45 बजे वह एचएएल एयरपोर्ट से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (mallikarjun kharge) चुनाव प्रचार के आखिरी दिन कलबुर्गी और बेल्लारी में दो जनसभाओं को संबोधित करेंगे। भाजपा कर्नाटक के अध्यक्ष नलिन कुमार कतील दक्षिण कन्नड़ जिले के बेलथांगडी शहर में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन बेंगलुरु के चामराजपेट में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। केंद्रीय मंत्री वी.के. सिंह बेंगलुरु के विभिन्न स्थानों में संवाद कार्यक्रमों की एक श्रृंखला में भाग लेंगे। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे दक्षिण कन्नड़ जिले में धर्मस्थल मंजूनाथ मंदिर और उडुपी में श्रीकृष्ण मंदिर जाएंगे। वह उडुपी शहर और उडुपी जिले के कापू निर्वाचन क्षेत्र में रोड शो करेंगे। उम्मीदवारों को अगले दो दिनों के लिए छह लोगों के साथ डोर-टू-डोर प्रचार करने की अनुमति है। मतदान 10 मई को होना है। आज शाम छह बजे से 11 मई की सुबह 6 बजे तकशराब की बिक्री पर रोक है। चुनाव आयोग ने शराब की दुकानों के मालिकों को 8 मई (शाम 6 बजे से), 9 मई और 10 मई को ड्राई डे मनाने का निर्देश दिया है। चुनाव आयोग ने 13 मई की सुबह 6 बजे से 14 मई को सुबह 6 बजे तक शराब की बिक्री पर भी रोक लगा दी है। मतगणना 13 मई को होगी।

अन्य खबरे