"आतंकियों को पता है वो गलती करेंगे तो मोदी उन्हें सजा देगा"
लोकसभा चुनाव के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार जनसभा और रैलियों के माध्यम से जनता के बीच जाकर बीजेपी को पुनः आशीर्वाद देने की बात कर रहे हैं. इसी कड़ी में अमरोहा में उन्होंने कहा कि आतंकियों को पता है वो गलती करेंगे, तो मोदी उन्हें पाताल में भी खोजकर सजा देगा।गौरतलब है कि शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के अमरोहा में रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जोरदार हमला किया. उन्होंने कहा कि आतंकियों को उन्हीं की भाषा में जवाब देना, कुछ लोगों को पसंद नहीं आ रहा. जब भारत डंके की चोट पर दुश्मन को मारता है, तब कुछ लोग भारत में रो रहे हैं. जब पाकिस्तान पूरी दुनिया के सामने बेनकाब हो रहा है, तो ये पाकिस्तान के पक्ष की बातें कर रहे हैं, वहां पर हीरो बन रहे हैं. पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस हो, समाजवादी पार्टी हो, बहुजन समाज पार्टी हो, आतंकवाद पर नर्म रवैये की वजह से कुछ लोगों के हौसले बुलंद हुए हैं. इन दलों ने सिर्फ आतंक की ही मदद नहीं दी है, इन्होंने आपके जीवन, आपके अस्तित्व को भी संकट में भी डालने का काम किया है. उन्होंने कहा कि उन दिनों को याद कीजिए, जब उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार थी, बसपा की सरकार थी, दिल्ली में कांग्रेस की सरकार थी तब क्या होता था. कभी लखनऊ में धमाके होते थे, कभी रामलला की जन्मभूमि अयोध्या में धमाके होते थे, कभी भगवान भोलेनाथ की नगरी काशी को दहला दिया जाता था, कभी रामपुर के सीआरपीएफ कैंप पर हमला हो जाता था.