उप महापौर ने उड़ाई कोरोना नियमों की धज्जियां
संवाददाता/in24 न्यूज़.
कोरोना के खतरे से पुणे लगातार जूझ रहा है। इसी बीच पिंपरी-चिंचवड़ महानगरपालिका में घोषित उप महापौर के चुनाव में सत्तादल भाजपा ने बाजी मार ली है। सत्तादल भाजपा की हीराबाई उर्फ नानी घुले के निर्विरोध निर्वाचन का रास्ता आसान बन गया। जारी पंचवर्षीय सत्र में घुले पांचवीं उपमहापौर बनी हैं। नानी घुले को कितना कार्यकाल मिलेगा, यह देखना दिलचस्प होगा। लेकिन खबर है कि कोरोना काल में उन्होंने सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन किया है. बहरहाल उप महापौर चुने जाने के बाद चंद मिनटों में ही नानी घुले और उनके समर्थकों ने महामारी कोरोना की रोकथाम के मद्देनजर लागू किए गए नियम और प्रतिबंधों को तार-तार कर दिया। उनके समर्थकों ने चुनाव के तुरंत बाद नियमों को ताक पर रखते हुए जश्न मनाना शुरू कर दिया। उप महापौर चुने जाने की खुशी में कार्यकर्ता समर्थक नाचते-गाते, धूम मचाते बिना किसी को मास्क पहनने का अहसास रहा न सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का, जबकि कोरोना के मद्देनजर नियमों का उल्लंघन न हो, इसके लिए यह चुनाव ऑनलाइन तरीके से कराया गया। चुनाव के बाद नवनिर्वाचित उप महापौर घुले पर फूलों की बारिश करते हुए उनके सैकड़ों समर्थक ढोल-ताशा की धुन पर झूमकर नाचे। सवाल है कि कोरोना संकट के बीच अपनी जिम्मेदारी को भूलना कितना जायज़ है!