कैप्टन पंजाब के लोगों को मुफ्त बिजली नहीं देना चाहते थे, इसलिए उन्हें सीएम पद से हटाया : राहुल गांधी
बता दें कि 2017 के चुनावों में कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में सत्ता में आने वाली कांग्रेस ने पिछले साल सितंबर में अमरिंदर को हटाकर चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री बनाया था। अब कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपनी अलग पार्टी बनाई है और वे भाजपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं।
पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में एक रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, "मैं आपको बताऊंगा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह को पंजाब के सीएम पद से क्यों हटाया गया। उन्होंने कहा, वे गरीब लोगों को मुफ्त बिजली देने के लिए राजी नहीं हुए। वे कहते रहे कि बिजली आपूर्ति करने वाली कंपनियों के साथ उनके कॉन्ट्रैक्ट हैं। अमरिंदर जी ने मुझे कहा कि हम बिजली माफ नहीं कर सकते क्योंकि हमारा बिजली कंपनियों के साथ कॉन्ट्रैक्ट है."
इस दौरान राहुल गांधी ने AAP पर भी हमला बोला। उन्होंने पंजाब की मुख्य विपक्षी पार्टी आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल पर को घरते हुए कहा कि, केजरीवाल जी ने मजीठिया से माफी क्यों मांगी? क्या मैंने या चन्नी जी ने मजीठिया से माफी मांगी, फिर केजरीवाल ने क्यों माफी मांगी। मेरे ऊपर 20-25 केस है, मैंने आज तक किसी से माफी नहीं मांगी।"
उन्होंने कहा, "मैं कहता रहा, नशा देश के लिए खतरा है। मैं फिर से यही कह रहा हूं कि पंजाब ऐसा राज्य नहीं है जहां प्रयोग होने चाहिए। पंजाब में विकास और विकास निरर्थक होगा यदि ड्रग्स यहां के युवाओं के जीवन को नष्ट करना जारी रखता है।"