Breaking News

कोरोना काल की पहली शारदीय नवरात्रि आज से शुरू

17 Oct, 2020 738

संवाददाता/in24 न्यूज़.
कोरोना महामारी के बीच आज से पहली शारदीय नवरात्रि की शुरुआत हो गई है. कोरोना महामारी के बीच भक्तों के लिए मंदिर जरूर खोल दिए गए हैं, लेकिन कई तरह की गाइडलाइंस भी जारी की गई हैं। सुबह से ही भक्त देवी मंदिरों में जाकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं। देश के सभी प्रमुख मंदिरों में भक्त दर्शन के लिए कतार में जरूर नजर आए, लेकिन सोशल डिस्टेंसिंग और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा गया। शारदीय नवरात्रि के पहले दिन दिल्ली के कालका जी मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ देखी गई। झंडेवालान मंदिर में भी पुजारी ने मां दुर्गा की विशेष आरती की। कोरोना वायरस महामारी के कारण महाराष्ट्र में सभी उपासना स्थल बंद हैं और इसी के मद्देनजर श्रद्धालुओं के लिए तुलजापुर स्थित तुलजा भवानी मंदिर में ऑनलाइन दर्शन की व्यवस्था की गई है। उस्मानाबाद के कलेक्टर कौस्तुभ दिवेकर ने कहा कि नवरात्रि में यहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। उन्होंने कहा कि मंदिर प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए गए एक वेबलिंक के जरिये श्रद्धालु ऑनलाइन माध्यम से पूजा में शामिल हो सकते हैं। नवरात्रि के पहले दिन यानी प्रतिपदा तिथि को भक्त अपने घर में घटस्थापना यानी कलश स्थापना करते हैं। शुभ मुहूर्त में कलश स्थापना के बाद पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा करने का विधान है। माना जाता है कि मां शैलपुत्री की पूजा करने से भक्त को चंद्र दोष से मुक्ति मिलती है। मां शैलपुत्री की पूजा भी कलश स्थापना के बाद शुभ मुहूर्त में पूरे विधि-विधान से ही की जाती है। माता शैलपुत्री अपने भक्तों पर शीघ्र प्रसन्न हो जाती हैं. इस विशेष पर्व पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं.

अन्य खबरे