झारखंड में विधानसभा चुनाव के दौरान नक्सलियों ने पुल उड़ाया
संवाददाता/in24 न्यूज़.
आज भी झारखंड में नक्सली सक्रिय हैं, और वे नहीं चाहते कि लोग मतदान में शामिल हों. यही कारण है कि आज ही झारखंड में हो रहे विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान में मतदाताओं को डराने के उद्देश्य से नक्सलियों ने गुमला में मतदान शुरू होने से ठीक पहले एक पुल उड़ा दिया. चुनाव में भाग ना लेने की अपनी धमकी को बेअसर होता देख नक्सलियों ने घाघरा-काठकोथवा राजमार्ग के बीच बना पुल उड़ा दिया. अधिकारियों ने बताया कि धमाके से मतदान पर असर नहीं पड़ा है. झारखंड में सुबह नौ बजे तक 11.02 प्रतिशत मतदान हो चुके हैं. इस दौरान सर्वाधिक 13.23 प्रतिशत मतदान लातेहार में हुआ है. नक्सलियों ने कुछ दिनों पहले चार पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी थी. मतदान अपराह्न तीन बजे तक होगा. झारखंड में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान शनिवार सुबह सात बजे शुरू हो गए. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. पहले चरण चुनाव नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कराए जा रहे हैं. मतदान अपराह्न तीन बजे तक होंगे. पहले चरण में 13 सीटों पर 189 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. इन सीटों पर 37,83,055 मतदाता हैं. भवनाथपुर विधानसभा सीट पर 28 उम्मीदवार हैं, जो पहले चरण में किसी सीट पर सबसे ज्यादा हैं. इस चरण में चुनाव लड़ रहे प्रमुख उम्मीदवारों में झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव और पूर्व मंत्री तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार भानू प्रताप शाही हैं.