पश्चिम बंगाल में छठवें चरण का मतदान आज
संवाददाता/in24 न्यूज़.
कोरोना संकट के बीच आज पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के छठवें चरण के लिए मतदान शुरू हो गए हैं. इस चरण में आज 4 ज़िलों की 43 विधानसभा सीटों के लिए मतदान हो रहे हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के छठे चरण के मतदान के लिए सभी नागरिकों से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है. मतदान शुरू होने से पहले ही मतदान केंद्रों के बाहर सुबह से ही लंबी कतारें देखी गईं. इस चरण में उत्तरी 24 परगना जिले की 17 सीटों और नादिया की नौ सीटों पर चुनाव हो रहे हैं. इसके अलावा, उत्तर दिनाजपुर जिले की नौ सीटों और पूर्ब बर्धमान की आठ सीटों पर भी चुनाव हो रहे हैं. 1.03 करोड़ से अधिक मतदाता इस चरण में 306 उम्मीदवारों के राजनीतिक भाग्य का फैसला करेंगे. अधिकारियों ने कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय बलों की 1,071 कंपनियों को इस चरण में तैनात किया गया है. केंद्रीय बल की प्रत्येक कंपनी में लगभग 100 कर्मचारी और अधिकारी होते हैं. पश्चिम बंगाल विधानसभा के 294 सदस्यों के चुनाव आठ चरणों में हो रहे हैं, जो 27 मार्च से शुरू हुए. 29 अप्रैल को होने वाले अंतिम चरण के साथ 2 मई को वोटों की गिनती होगी. पश्चिम बंगाल में पिछले कुछ दिनों से कोरोना मामलों की रिकॉर्ड संख्या दर्ज की जा रही है, जिससे बुधवार को दैनिक संक्रमण 10,000 के पार पहुंच गया. राज्य ने बुधवार को 10,784 नए कोरोना मामले सामने आए, जो सबसे ज्यादा दैनिक मामले थे. इस दौरान 58 और लोगों ने अपनी जान गंवाई. कोरोना संकट के बीच भी लोग वोट देने के लिए निकल रहे हैं. बता दें कि आगामी 2 मई को पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणाम आनेवाले हैं.