पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल में बोला ममता दीदी पर हमला
संवाददाता/in24 न्यूज़.
विधान सभा चुनावों को लेकर पश्चिम बंगाल में जबरदस्त सियासी माहौल बना हुआ है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांथी में आज एक जनसभा को संबोधित किया और ममता दीदी पर जमकर हमला बोला. पीएम मोदी ने कहा कि आज़ादी की लड़ाई के हर नायक-नायिका को सम्मान देने के लिए पूरा देश आज़ादी का अमृत महोत्सव मना रहा है. आज़ादी के 75 साल के उत्सव में पश्चिम बंगाल का विशेष महत्व है. आज़ादी की लड़ाई में दिए गए हर योगदान को भावी पीढ़ी तक पहुंचाना भाजपा सरकार की प्राथमिकता है. पीएम ने कहा कि दीदी आजकल मेदिनीपुर में आकर बार-बार बहाने बना रही हैं, दीदी उन बहनों और परिवारों को जवाब नहीं दे पाई जिनको पहले अंफान ने तबाह किया और फिर तृणमूल के टोलाबाजों ने लूट लिया. पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल के कोने से कोने से अब एक ही आवाज़ आ रही है, बंगाल के हर घर से एक ही आवाज़ आ रही है, बंगाल के हर मुख से एक ही आवाज़ आ रही है कि 2 मई दीदी जाछे और आसोल परिवर्तन आछे. पीएम ने कहा कि जब जरूरत होती है तो तब दीदी दिखती नहीं. लेकिन जब चुनाव आता है तो दीदी कहती हैं- सरकार दुआरे-दुआरे. यही इनका खेला है. पश्चिम बंगाल का बच्चा-बच्चा आपका खेला समझ गया है और इसलिए 2 मई को पश्चिम बंगाल दीदी को द्वार दिखाएगा. पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल का किसान भूल नहीं सकता कि कैसे दीदी ने उसके साथ निर्ममता दिखाई, दीदी ने आपको पीएम किसान सम्मान निधि से वंचित रखा। बंगाल के किसान मोदी के शब्द लिखकर रखें, 2 मई को बंगाल के विकास के बीच आ रही दीवारें टूट जाएंगी. किसानों के हक के 3 साल के पैसे उनके खाते में जमा करके रहूंगा. उन्होंने कहा कि दीदी के राज में यहां हिंसा और बम धमाकों की खबरे आती है. धमाकों से पूरे-पूरे घर उड़ जाते हैं और दीदी की सरकार सिर्फ देखती रहती है. इस स्थिति को हमें मिलकर बदलना होगा. बंगाल को शांति चाहिए, स्थिरता चाहिए, बम-बंदूकों और हिंसा से मुक्ति चाहिए. पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल में बीजेपी की जो राज्य सरकार आप बनाने जा रहे हैं, उसमें मुख्यमंत्री की ज़िम्मेदारी इसी मिट्टी की संतान की होगी. बता दें कि आगामी दो मई को पश्चिम बंगाल का चुनावी परिणाम आएगा.