पेट्रोल डीज़ल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कोटा में कांग्रेस का प्रदर्शन
संवाददाता/in24 न्यूज़.
पेट्रोल डीज़ल की कीमतों में रोज़ाना हो रही बढ़ोत्तरी के खिलाफ लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है. इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने राजस्थान के कोटा में प्रदर्शन किया. केंद्र सरकार की ओर से पेट्रोल डीजल के दामों में बेतहाशा वृद्धि के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को कोटा में कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष रविन्द्र त्यागी जे नेतृत्व में नयापुरा सर्किल से कलेक्ट्रेट तक साइकिल रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पेट्रोल डीजल की बढ़ी कीमतों को वापस लेने की मांग करते हुए जिला कलेक्टर ओम कसेरा को ज्ञापन सौंपा। पेट्रोल डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि से आम जनता में सरकार के खिलाफ आक्रोश व्याप्त है। इसके विरोध को लेकर सुबह नयापुरा चौराहे पर बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता जमा हुए। यहां से साइकल रैली निकालते हुए प्रदर्शनकारियों ने मोदी सरकार के खिलाफ नारे बाजी की। रैली में साइकलों पर सवार कार्यकर्ता हाथों में पेट्रोल डीजल के बड़े हुए दाम वापस लेने के स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर चल रहे थे। कांग्रेस के जिला महामंत्री रामेश्वर सुआलका ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अभी लॉकडाउन का दर्द लोग भूल नहीं पाए हैं। आर्थिक तंगी के चलते लोग आत्महत्या करने को मजबूर हैं। ऐसे में केंद्र सरकार लोगो को रोजगार उपलब्ध करवाने की जगह महंगाई बढ़ाकर जनता पर बोझ डाल रही है। पेट्रोल डीजल की कीमतें बढ़ने से इसका असर ट्रांसपोर्टेशन पर पड़ रहा है। जिससे बाजार में हर सामान लोगों को महंगे दामों में खरीदने को मजबूर होना पड़ रहा है।