प्रवासी मजदूरों की मदद के लिए मंत्री स्मृति ईरानी ने सोनू सूद को कहा शुक्रिया
संवाददाता/in24 न्यूज़.
लॉकडाउन में गरीबोब की मदद कई लोगों ने की. बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद ने भी बढ़ चढ़कर प्रवासी मजदूरों की मदद की. सोनू सूद ने कई प्रवासियों को बसों में उनके घर भेजने का बीड़ा उठाया है और अब केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने भी उनकी तारीफ की है। सोनू सूद लगातार मुंबई समेत महाराष्ट्र के अलग-अलग हिस्सों में फंसे प्रवासियों को उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में वापस भेजने की व्यवस्था कर रहे हैं। ट्विटर के माध्यम से प्रवासी उनसे संपर्क कर रहे हैं और सोनू उन्हें सुरक्षित उनके घर पहुंचाने का भरोसा दिला रहे हैं। सोनू के ऐसे ही एक ट्वीट को री-ट्वीट करते हुए स्मृति ने सोनू की तारीफ करते हुए कहा कि उन्हें सोनू पर गर्व है। स्मृति ने लिखा कि सोनू, ये मेरा सौभाग्य है कि मैं एक प्रोफेशनल साथी के तौर पर 2 दशकों से आपको जानती हूं और एक्टर के तौर पर आपकी प्रगति पर खुशी मिली है। लेकिन ऐसे चुनौैतीपूर्ण हालात में आपने जिस तरह की दयालुता दिखाई है, उसे देखकर मुझे आप पर और भी ज्यादा गर्व होता है, जरूरतमंदों की मदद के लिए आपका शुक्रिया।स्मृति ईरानी से तारीफ पर सोनू ने भी जवाब दिया और लिखा कि शुक्रिया मेरी दोस्त, आप हमेशा से प्रेरणा रही हो। आपके प्रोत्साहित करने वाले शब्दों ने मुझे और भी ज्यादा मेहनत करने के लिए प्रेरित किया है। मैं आपसे वादा करता हूं कि जब तक हमारे हर एक भाई और बहन अपने घर तक नहीं पहुंचते, मैं उनके साथ रहूंगा। जैसे आपने हमें गर्व महसूस कराया है, मैं भी वैसे ही करूंगा, आपको बड़ा सलाम। दूसरी ओर स्मृति के ट्वीट पर एक्टर रवि किशन ने भी सहमति जताई और सोनू की तारीफ करते हुए लिखा कि यही सब याद रहता है दुनिया में। यही नहीं, पंजाब में भी सोनू ने स्वास्थ्यकर्मियों के लिए 1,500 पीपीएफ किट उपलब्ध कराई थी, जबकि कुछ दिन पहले ही उन्होंने मुंबई में कई लोगों को फूड किट भी बांटे थे। सोनू के इन कदमों की लगातार तारीफ हो रही है.