Breaking News

कर्नाटक और महाराष्ट्र के बीच फिर से बस सेवा बंद

07 Dec, 2022 768
संवाददाता/in24 न्यूज़।  
 

महाराष्ट्र और कर्नाटक के बीच जारी सीमा विवाद गहराता ही रहा है। मंगलवार को दोनों राज्यों के सीमा क्षेत्र के अंदर एक-दूसरे के वाहनों को निशाना बनाये जाने से तनातनी और बढ़ गई है। बेलगाम पर दावेदारी को लेकर दोनों राज्यों का सियासी पारा चढ़ा हुआ है। विवाद बढ़ने के बीच दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने फोन पर एक-दूसरे से बात की और शांति तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने पर सहमति जताई। वहीं  बुधवार को एक बार फिर महाराष्ट्र परिवहन की एमएसआरटीसी और कर्नाटक परिवहन की केएसआरटीसी की बस सेवाओं को रोक दिया गया। कानून व्यवस्था को देखते हुए कर्नाटक पुलिस और परिवहन विभाग ने बसों को रोकने का आदेश दिया था। इसके बाद दोनों राज्यों की बसों को बॉर्डर से ही लौटा दिया गया, जिस वजह से बस में सवार यात्रियों के आंसू छलक पड़े। इसी बीच महाराष्ट्र और कर्नाटक सीमा विवाद की तपिश नवी मुंबई में भी दिखी. नवी मुंबई में कलंबोली हाईवे पर कर्नाटक से आई बसों को रोककर उस पर ब्लैक पेंट लगाया गया। आरोप है कि राज ठाकरे की पार्टी मनसे के कार्यकर्ताओं ने बसों को रोका, जिससे कुछ देर के लिए यात्रियों में दहशत फैल गई। इससे पहले पुणे में कर्नाटक की बसों पर पेंट छिड़कने के आरोप में पुलिस ने सात लोगों को हिरासत में लिया। हालांकि दोनों ही मामलों में बसों में कोई तोड़फोड़ की सूचना नहीं है।

अन्य खबरे