Breaking News

महाराष्ट्र की सरकार खुद ब खुद गिर जाएगी : गडकरी

06 Jan, 2020 987

संवाददाता/in24 न्यूज़.
महाराष्ट्र की सरकार खुद ब खुद गिर जाएगी, यह कहना है केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का. गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने रविवार को कहा कि शिवसेना, कांग्रेस और राकांपा के बीच गठबंधन अस्वाभाविक है तथा महाराष्ट्र विकास आघाड़ी की सरकार खुद ब खुद ही गिर जाएगी. भाजपा नेता ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में यह भी दावा किया कि उद्धव ठाकरे नीत सरकार के एक मंत्री ने इस्तीफा दे दिया है. हालांकि, उन्होंने मंत्री का नाम नहीं बताया. पिछले कुछ दिनों से महाराष्ट्र सरकार में मंत्रालयों के आवंटन को लेकर तीनों दलों के बीच असहमति की खबरें हैं. कुछ इस्तीफों की भी अफवाहें चल रही हैं. गडकरी ने कहा, गठबंधन अस्वाभाविक है.  एक मंत्री ने इस्तीफा दे दिया. सरकार खुद ही गिर जाएगी. शिवसेना तथा कांग्रेस-राकांपा के बीच कोई वैचारिक समानता नहीं है. गडकरी ने इस संदर्भ में उदाहरण देते हुए कहा कि शिवसेना प्रमुख दिवंगत बाल ठाकरे अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों को मुंबई से बाहर का रास्ता दिखाना चाहते थे लेकिन मौजूदा सरकार इसके खिलाफ है. वह जाहिर तौर पर नागरिकता संशोधन कानून को लेकर महाराष्ट्र के सत्तारूढ़ गठबंधन के कुछ हलकों से आ रहे विरोधी बयानों की ओर इशारा कर रहे थे.

अन्य खबरे