बीजेपी में एकनाथ खड़से की होगी घर वापसी
ब्यूरो रिपोर्ट/in24न्यूज़/मुंबई
महाराष्ट्र में राजनीतिक उठापटक का सिलसिला लगातार जारी है. इस बीच, 40 साल पुराना रिश्ता तोड़ कर अविभाजित एनसीपी में शामिल हुए एकनाथ खड़से एक बार फिर बीजेपी में शामिल होने जा रहे हैं. खड़से ने शनिवार को दावे के साथ कहा कि वे अगले सप्ताह अपनी मूल पार्टी बीजेपी में शामिल होंगे. एकनाथ खड़से करीब तीन साल पहले महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व के साथ मतभेद होने पर पार्टी छोड़कर अविभाजित राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में चले गए थे. पूर्ववर्ती देवेंद्र फडणवीस सरकार में मंत्री रहे एकनाथ खड़से ने एक भूमि सौदे के मामले को लेकर 2016 में मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था. लंबे इंतजार के बाद शरद पवार की अगुवाई वाली अविभाजित राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने उन्हें अपना सदस्य बनाया था. खड़से ने कहा कि कुछ घटनाक्रमों को लेकर उन्हें पार्टी छोड़नी पड़ी थी. वह इस समय राकांपा (शरदचंद्र पवार) के विधान परिषद सदस्य हैं. एक समय महाराष्ट्र में भाजपा के शीर्ष नेताओं में शुमार रहे खड़से (71) ने कहा, ''मैं भाजपा में लौट रहा हूं. मैंने बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व से संपर्क किया और पार्टी में लौटने की इच्छा जताई. मैं अगले सप्ताह दिल्ली में औपचारिक रूप से बीजेपी में शामिल हो जाऊंगा. ''मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार विधान परिषद सदस्य एकनाथ खड़से को रावेर सीट से उनकी ही बहू रक्षा खड़से के खिलाफ मैदान में उतारना चाहते थे, जिसे उन्होंने ठुकरा दिया. खड़से के आने से उत्तर महाराष्ट्र में बीजेपी और मजबूत होगी, जबकि शरद पवार के लिए यह एक बड़ा झटका होगा.