Breaking News

मध्य प्रदेश में कांग्रेस का भाजपा पर विधायकों की खरीद-फरोख्त का आरोप

04 Mar, 2020 877

संवाददाता/in24 न्यूज़.
कहते हैं ना कि राजनीति में कभी भी कुछ हो सकता है. फिलहाल मध्य प्रदेश में मध्य प्रदेश में राजनीतिक उठापटक जारी है। कांग्रेस ने भाजपा पर विधायकों की खरीद-फरोख्त का आरोप लगाया है, जबकि भाजपा ने ऐसे किसी भी आरोप को निराधार बताया है। इन सबके बीच मुख्यमंत्री कमलनाथ का दावा है कि उनकी सरकार को कोई खतरा नहीं है। सीएम कमलनाथ ने कहा उनकी सरकार को कोई खतरा नहीं है और इस बारे में चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। उनकी टिप्पणी वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के इन आरोपों के एक दिन बाद आई है कि भाजपा नेता प्रदेश में कांग्रेस सरकार को गिराने के लिए कांग्रेस विधायकों को भारी धनराशि देने की पेशकश कर रहे हैं। कमलनाथ ने कहा कि उनकी सरकार को कोई खतरा नहीं है। हालांकि, कांग्रेस विधायकों ने भाजपा नेताओं के धनराशि देने के प्रस्ताव की जानकारी उन्हें उपलब्ध कराई है। मुख्यमंत्री ने भोपाल में एक कार्यक्रम से इतर मंगलवार को संवाददाताओं से कहा कि विधायकों ने मुझे बताया कि उन्हें काफी धनराशि देने का प्रस्ताव मिला है। मैंने विधायकों से कहा है कि अगर मुफ्त में यह पैसा मिल रहा है तो वे इसे ले लें। मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार पर किसी खतरे के सवाल पर मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि इस बारे में चिंता करने की कोई बात नहीं है। कमलनाथ के जवाब पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता रजनीश अग्रवाल ने कहा कि भाजपा का इस पूरे मामले में कोई लेना देना नहीं है। वास्तव में ये सब अटकलें और आरोप कांग्रेस की आतंरिक कलह का हिस्सा हैं जो सब आगामी राज्यसभा चुनाव के मद्देनजर हो रहा है। मध्य प्रदेश की तीन राज्यसभा सीटों के लिये 26 मार्च को होने वाले चुनाव से कुछ दिन पहले राज्य के सबलगढ़ से कांग्रेस विधायक बैजनाथ कुशवाह ने मंगलवार को दावा किया कि भाजपा ने उन्हें खरीदने के लिए 25 करोड़ रुपये की पेशकश की, लेकिन वह किसी भी सूरत में बिकने वाले नहीं हैं। कुशवाह का यह बयान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह द्वारा भाजपा नेताओं शिवराज सिंह चौहान एवं नरोत्तम मिश्र पर कमलनाथ के नेतृत्व वाली मध्यप्रदेश की कांग्रेस नीत सरकार को गिराने के लिए पार्टी विधायकों को 25 से 35 करोड़ रुपये की पेशकश करने का आरोप लगाने के एक दिन बाद आया है।

अन्य खबरे