ममता ने कांग्रेस को दी चेतावनी हिम्मत है, तो बनारस में बीजेपी को हराओ
संवाददाता/ in24 न्यूज़.
तृणमूल कांग्रेस की मुखिया और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि मुझे समझ नहीं आता कि कांग्रेस पार्टी को इतना अहंकार किस बात का है! पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि मुझे नहीं लगता कि कांग्रेस 300 में से 40 सीट भी जीत पाएगी या नहीं। कांग्रेस पार्टी पहले जहां-जहां जीतती थी, अब वहां भी हारती जा रही है। अगर कांग्रेस में हिम्मत है तो वह बनारस में बीजेपी को हराकर दिखाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा बंगाल आई थी, लेकिन मुझे बताया तक नहीं गया। हम इंडिया गठबंधन में हैं, लेकिन उसके बावजूद मुझे इसकी जानकारी नहीं दी गई। मुझे प्रशासन से इसके बारे में पता चला। ममता बनर्जी ने कहा कि हम उत्तर प्रदेश में चुनाव नहीं जीते। आप राजस्थान में भी चुनाव नहीं जीते। हिम्मत है इलाहाबाद में जाकर जीतकर दिखाओ, बनारस में जीतकर दिखाओ। हम भी देखें कि आपमें कितनी हिम्मत है। ममता बनर्जी ने मुर्शिदाबाद में राहुल गांधी की बीड़ी कामगारों के साथ की मुलाकात पर भी निशाना साधते हुए कहा कि आजकल फोटोशूट का नया चलन देखने में मिल रहा है, जो लोग कभी चाय के स्टॉल पर नहीं गए, अब वे बीड़ी कामगारों के साथ बैठकर फोटो खिंचवा रहे हैं। बता दें कि इंडिया गठबंधन से सपा, टीएमसी और आम आदमी पार्टी ने कन्नी काटनी शुरू कर दी है।