Breaking News

75 हजार लोगों को पीएम मोदी ने दिया घर का तोहफा

05 Oct, 2021 722

संवाददाता/in24 न्यूज़.
आज भी हर किसी का सपना है कि एक घर हो अपना।  इसे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी बखूबी जानते हैं और इस विषय को समझते भी हैं। इसी सिलसिले में पीएम मोदी आज लखनऊ पहुंचे जहां उन्होंने अमृत महोत्सव के तहत केन्द्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय और प्रदेश नगर विकास विभाग द्वारा न्यू अरबन इंडिया थीम पर आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस दौरान पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के 75 हजार लाभार्थियों को डिजिटल माध्यम से घर की चाबी भी दी। न्यू अर्बन इंडिया थीम पर आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद रहे। इस दौरान पीएम मोदी ने आगरा, कानपुर और ललितपुर के लाभार्थियों से भी बात की। पीएम मोदी ने लखनऊ स्थित बाबा साहेब भीमराव अबंडेकर विश्वविद्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी चेयर का भी डिजिटल उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री स्मार्ट सिटी मिशन के अन्तर्गत आगरा, अलीगढ़, बरेली, झांसी, कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज, सहारनपुर, मुरादाबाद एवं अयोध्या में इंटीग्रेटेड कमाण्ड एण्ड कन्ट्रोल सेन्टर, इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेन्ट सिस्टम एवं नगरीय इन्फ्रास्ट्रक्चर तथा अमृत मिशन के अंतर्गत प्रदेश के विभिन्न शहरों में उत्तर प्रदेश जल निगम द्वारा निर्मित पेयजल एवं सीवरेज की कुल 4,737 करोड़ रुपये की 75 विकास परियोजनाओं का लोकर्पण और शिलान्यास किया। इसके साथ ही पीएम मोदी ने लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, झांसी, प्रयागराज, गाजियाबाद और वाराणसी के लिए 75 स्मार्ट इलेक्ट्रिक बसों का फ्लैग ऑफ भी किया। इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जब गुजरात के मुख्यमंत्री थे तब उन्होंने अर्बन प्लानिंग पर फोकस किया था। भूकंप से तबाह, प्लेग से पीड़ित सूरत शहर की सूरत बदलने में उनकी भूमिका बहुत महत्वपूर्ण रही, जो आज भी सराहनीय है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि मैं प्रदेश की 24 करोड़ जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हृदय से स्वागत करता हूं। इस महत्वपूर्ण कार्यशाला के लिए लखनऊ को चुनने के लिए आभार प्रकट करता हूं। उन्होंने कहा कि मुझे बताते हुए अत्यंत खुशी हो रही है कि यूपी ने शहरीकरण में उपलब्धि हासिल की है। प्रदेश की 50 हजार से अधिक आबादी वाली पंचायतों को नगर निकाय बनाया गया है। स्वच्छ भारत मिशन स्वास्थ्य के लिए मिल का पत्थर बना है। आजादी के बाद सभी का सपना था कि उसका अपना आवास हो जो कि 2024 में साकार होगा। बता दें कि घर का सपना देखने वालों के लिए यह बहुत बड़ी सौगात है।

अन्य खबरे