Breaking News

महायुति और मनसे के बीच गठबंधन को लेकर अटकलें तेज

26 Oct, 2022 575

संवाददाता/ in24 न्यूज़।  
महाराष्ट्र की राजनीति में जल्द होने वाला है बड़ा फेरबदल भारतीय जनता पार्टी महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी को टक्कर देने के लिए एक नए और मजबूत गठबंधन बनाने की तैयारी में जुटी हुई है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बेटे श्रीकांत शिंदे ने हालही में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे से उनके आवास पर मुलाकात की। इसके बाद राज्य के सत्तारूढ़ गठबंधन और मनसे के बीच संभावित गठजोड़ की अटकलों को बल मिल गया है। इससे पहले सीएम शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी दादर आवास पर मनसे प्रमुख से मुलाकात की थी। शिंदे कैंप और भाजपा हाल ही में राज ठाकरे के साथ गर्मजोशी से पेश आई है। लगातार हो रही बैठकों की वजह से अटकलें लगाई जा रही हैं  कि भाजपा और शिंदे उन्हें गठबंधन में शामिल करने को लेकर उत्सुक हैं। इस बीच, मनसे और शिंदे खेमे के नेताओं ने कहा कि श्रीकांत शिंदे की राज ठाकरे से मुलाकात दिवाली के दौरान महज एक शिष्टाचार भेंट थी। वहीं मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि फडणवीस के साथ राज ठाकरे के आवास पर उनकी हालिया मुलाकात दिवाली के लिए शिष्टाचार भेंट थी। उन्होंने कहा, हमारे बीच वहां कोई राजनीतिक चर्चा नहीं हुई। इस बीच गठबंधन की अटकलों पर मनसे और बीजेपी नेता इसी तरह के बयान देते रहे हैं। राज ठाकरे की पार्टी के इकलौते विधायक राजू पाटिल ने कहा - गठबंधन के आह्वान पर हमारी पार्टी के अध्यक्ष राज ठाकरे द्वारा चर्चा की जाएगी और अगर भविष्य में वह गठबंधन के लिए हां  कहते हैं तो हम तैयार हैं। हमारे शिंदे समूह, भाजपा और मनसे के विचार मिलते हैं। भाजपा नेता प्रवीण दारेकर ने कहा कि गठबंधन में मनसे को शामिल करने का फैसला पार्टी के वरिष्ठ नेता करेंगे, लेकिन साथ ही उन्होंने कहा कि तीनों दलों की विचारधारा समान है।

अन्य खबरे