Breaking News

महाराष्ट्र के नए मंत्रियों को जल्द ही प्रभार सौंपे जाएंगे : फड़णवीस

13 Aug, 2022 578

संवाददाता/in24 न्यूज़।
आज महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadanvis) ने कहा कि राज्य में  नए मंत्रियों को जल्द उनके विभाग सौंपे जाएंगे। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि सरकार भारी बारिश की वजह से फसलों को हुए नुकसान के लिए राज्य के किसानों को जल्द ही मुआवजा देगी। नागपुर हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से बातचीत करते हुए उन्होंने यह बात कही। फडणवीस ने चंद्रशेखर बावनकुले को भाजपा की महाराष्ट्र इकाई का अध्यक्ष नियुक्त होने पर बधाई भी दी। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि नए मंत्रियों को जल्द ही प्रभार सौंपे जाएंगे। बता दें कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मंगलवार को अपने दो सदस्यीय मंत्रिमंडल का विस्तार किया था। उन्होंने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के 41 दिनों के बाद 18 मंत्रियों को अपने मंत्रिमंडल में शामिल किया। नए मंत्रियों में नौ शिवसेना के बागी गुट के जबकि नौ भाजपा के हैं। शिंदे ने 30 जून को मुख्यमंत्री और देवेंद्र फडणवीस ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। राज्य के मंत्रिमंडल में सदस्यों की संख्या अब 20 हो गयी है, जो अधिकतम 43 सदस्यों की संख्या से आधी से भी कम है। भाजपा की ओर से मंत्रिमंडल में शामिल सदस्यों में राधाकृष्ण विखे पाटिल, सुधीर मुन्गंतीवार, चंद्रकांत पाटिल, विजयकुमार गावित, गिरीश महाजन, सुरेश खडे, रवींद्र चव्हाण, अतुल सावे और मंगलप्रभात लोढा शामिल हैं। वहीं, शिंदे गुट से मंत्री पद की शपथ लेने वाले सदस्यों में गुलाबराव पाटिल, दादा भुसे, संजय राठौड़, संदीप भुमरे, उदय सामंत, तानाजी सावंत, अब्दुल सत्तार, दीपक केसरकर और शंभुराज देसाई शामिल हैं। भाजपा ने मुंबई से लोढा को शामिल किया है जबकि शिंदे गुट ने वहां से किसी विधायक को मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किया।

अन्य खबरे