मेनका और आज़म पर चुवाव आयोग का डंडा, नहीं कर पाएंगे चुनाव प्रचार
संवाददाता/in24 न्यूज़.
लोकसभा चुनावों के मद्देनज़र जहां हर पार्टी और नेता चुनाव प्रचार में व्यस्त है, वहीं चुनाव आयोग लगातार सख्त कदम उठा रहा है. गौरतलब है कि इसी कड़ी में मेनका गांधी और आज़म खान के चुनाव प्रचार पर चुनाव आयोग ने रोक लगा दी है. चुनाव प्रचार के दौरान आचार संहित का उल्लंघन और नेताओं के भाषणों में अभद्र भाषा के इस्तेमाल पर चुनाव आयोग सख्त हो गया है. चुनाव आयोग ने पहले यूपी की पूर्व सीएम और बीएसपी सुप्रीमो मायावती और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चुनाव प्रचार करने पर कुछ समय के लिए रोक लगा दी थी. अब बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी के साथ सपा नेता आजम खान के चुनाव प्रचार करने पर भी रोक लगा दी है. चुनाव आयोग ने केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी पर प्रचार के दौरान सांप्रदायिक टिप्पणी पर सख्ती दिखाई है और उनके चुनाव प्रचार करने पर रोक लगा दी है. वहीं सपा नेता और रामपुर से लोकसभा प्रत्याशी आजम खान पर बीजेपी उम्मीदवार जया प्रदा के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग करने के आरोप में सख्त कदम उठाया है. चुनाव आयोग ने केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी के चुनाव प्रचार करने पर 48 घंटे के लिए रोक लगा दी है. तो आजम खान 72 घंटे तक चुनाव प्रचार नहीं कर सकेंगे. चुनाव आयोग की ये रोक आज यानि मंगलवार सुबह 10 बजे से लागू हो जाएगी.