Breaking News

यूपीए के चरित्र पर कई दाग, इसलिए विपक्ष को बदलना पड़ा अपना नाम - पीएम मोदी

01 Aug, 2023 697

संवाददाता/in24 न्यूज़।  
2024 के लोकसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी अभी से तैयारी में जुट गई है. बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं को अभी से एक्टिव मोड रहने का निर्देश दिया गया हैं. राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन यानी एनडीए को मजबूत करने के लिए खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मोर्चा संभाल लिया है. पीएम मोदी इसके लिए एनडीए के सांसदों से मुलाकात कर रहे हैं. प्रधानमंत्री ने सोमवार को एनडीए के सांसदों से मुलाकात की और उन्हें लोकसभा चुनाव 2024 में जीत का मंत्र दिया। पीएम ने सांसदों से कहा कि राम मंदिर के अलावा और भी हमने बहुत काम किए हैं. उन्हें लेकर जनता के बीच जाइए। जो रूठे हैं नाराज हैं उन्हें मनाइए। पीएम मोदी ने सोमवार को महाराष्ट्र सदन में पश्चिम उत्तर प्रदेश,ब्रज, कानपुर, बुंदेलखंड के सांसदों से मुलाकात की. उन्होंने सांसदों से कहा कि वह अपने- अपने लोकसभा क्षेत्रों में स्थानीय मुद्दों पर बात करें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सांसदों से मुलाकात के दौरान कहा कि आपको एनडीए के लिए स्वार्थ से ऊपर उठकर त्याग पर जोर देना चाहिए। चुनाव के समय जनता के बीच ज्यादा से ज्यादा समय बिताएं। शादी और त्योहार का सीजन है लोगों के कार्यक्रमों में ज्यादा से ज्यादा जाएं।

        पीएम मोदी ने एनडीए सांसदों से गठबंधन धर्म का जिक्र भी किया। उन्होंने कहा एनडीए स्वार्थ नहीं त्याग की भावना से बना है. बिहार में जेडीयू से ज्यादा विधायक होते हुए भी नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाया गया. पंजाब में अकाली दल के साथ सरकार में अच्छी संख्या में विधायक होते हुए भी एनडीए ने उपमुख्यमंत्री का पद नहीं मांगा। बता दें कि पीएम से मुलाकात के लिए एनडीए के 338 सांसदों को क्षेत्र के हिसाब से 10 ग्रुप में बांटा गया है पीएम मोदी हर दिन कुछ सांसदों से मुलाकात करेंगे और उनके क्षेत्र का फीडबैक लेंगे। इस दौरान पीएम ने विपक्षी गठबंधन पर भी निशाना साधते हुए कहा विपक्ष का चोला बदल गया है लेकिन चरित्र वही है. चोला बदलने से चरित्र नहीं बदलता। इसलिए यूपीए तो यूपीए ही रहेगा यूपीए के पास 10 साल तक बताने को कुछ भी नहीं है. यूपीए के चरित्र पर कई दाग थे इसलिए उन्हें अपना नाम बदलना पड़ा। वही इस मौके पर बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सांसदों को एनडीए का इतिहास बताया। नड्डा ने सरकार के कामकाज को लेकर एक प्रेजेंटेशन भी दिया।

अन्य खबरे