यूपी के 5.51 लाख गरीबों को सीएम योगी आदित्यनाथ ने सौंपी घर की चाबी
संवाददाता/in24 न्यूज़
उत्तर प्रदेश के साढ़े पांच लाख गरीबों को आज खुद का आशियाना मिल चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि हर गरीब का अपना घर हो, यह सपना उत्तर प्रदेश में साकार हो रहा है। विगत चार वर्षों के दौरान 41.73 लाख लाभार्थियों को आवास उपलब्ध कराया गया है। यह बात सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण और मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के साढ़े पांच लाख लाभार्थियों के गृह प्रवेश कार्यक्रम के दौरान कही। अपने सरकारी आवास से वर्चुअली कार्यक्रम में जुड़े सीएम योगी ने लाभार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इन 5.51 लाख आवासों की कुल लागत 6637.72 करोड़ रुपए है। मुझे अति प्रसन्नता है कि प्रधानमंत्री आवास योजना की 70 फीसदी लाभार्थी महिलाएं हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ ने लाभार्थियों से संवाद के दौरान कहा कि जब अच्छी सरकार आती है तो सभी को सरकारी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के मिलता है। नरेंद्र मोदी के पहले भी कई प्रधानमंत्री बने लेकिन तब गरीबों को मुफ्त आवास की सुविधा नहीं मिलती थी। तमाम घरों में शौचालय की व्यवस्था नहीं थी, जिसके कारण तमाम तरीके की बीमारियां होती थी। लेकिन, आज इन योजनाओं का लाभ लोगों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना कि 'हर गरीब का घर हो अपना' यह उत्तर प्रदेश में साकार होता दिख रहा है। प्रदेश में चार वर्ष के दौरान ही 41 लाख 73 हजार से अधिक लाभार्थियों को ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में आवास मिला है।