रक्षामंत्री के दौरे से तिलमिलाया चीन
रक्षामंत्री निर्मला सीतारमण के अरुणाचल प्रदेश के दौरे से चीन बौखला गया है और चीन ने निर्मला के अरुणाचल दौरे पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि सीतारमण का 'विवादित इलाके' में दौरा क्षेत्र की शांति के प्रतिकूल है। रक्षामंत्री ने रविवार को चीन की सीमा से लगे अरुणाचल प्रदेश के सुदूर अंजा जिले का दौरा किया था, जहां वे रक्षा तैयारियों का जायजा लेने के लिए गई थी। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता हुआ चुनयिंग ने कहा कि भारतीय रक्षा मंत्री के अरुणाचल प्रदेश के दौरे को लेकर आपको चीन की स्थिति के बारे में स्पष्ट रहना होगा क्योंकि भारत और चीन सीमा के पूर्वी हिस्से पर विवाद है।
इसीलिए भारतीय पक्ष का यह दौरा, क्षेत्र की शांति के अनुकूल नहीं है। चुनयिंग ने आगे कहा कि भारत को बातचीत के जरिए माहौल और स्थितियों को सही बनाने के लिए चीनी पक्ष के साथ सहयोग करना चाहिए, और हमे उम्मीद है कि भारत साझा लक्ष्य हासिल करने के लिए चीन के साथ काम करेगा और संतुलित तरीके से हमारी चिंताओं का ध्यान रखेगा। गौरतलब है कि रक्षामंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को चीन की सीमा से सटे अरुणाचल में सीमा की अग्रिम चौकी का दौरा किया था,जहां वो अंजा जिले में किबिथू चौकी पर सेना की रक्षा तैयारियों का जायजा लेने पहुंची थी।
आपको बता दे कि भारत और चीन के बीच वास्तविक नियंत्रण रेखा 3,488 किलोमीटर लंबी है और चीन यह दावा करता है कि अरूणाचल प्रदेश दक्षिणी तिब्बत का हिस्सा है और इतना ही नहीं बल्कि वह भारत के शीर्ष अधिकारियों के इस इलाके के दौरे पर नियमित रूप से आपत्ति भी जताता है। डोकलाम के मुद्दे को लेकर भारत और चीन के बीच जो विवाद 16 जून को शुरू हुआ था वह 73 दिनों तक जारी रहा, क्योंकि भारत ने विवादित क्षेत्र में उसके सड़क निर्माण को रोक दिया था जिसके बाद 28 अगस्त को भारत-चीन के बीच यहां तनाव बातचीत के जरिए खत्म हो गया था।