लॉकडाउन में कुमारस्वामी के बेटे की शाही शादी, सरकारी दिशा निर्देश का उड़ा माखौल
संवाददाता/in24 न्यूज़.
एक तरफ कोरोना वायरस लोगों की जान ले रहा है और दूसरी तरफ़ ऐसे भी राजनीतिज्ञ हैं जिनकी नज़र में ना तो कोरोना का खौफ है और ना लॉकडाउन की परवाह! ऐसे में सोशल डिस्टेंसिंग का माखौल कैसे उड़ाया जाता है इसका अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के पौत्र और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री कुमारस्वामी के बेटे निखिल कुमारस्वामी की शादी शाही अंदाज़ में की गई. बता दें कि इस शाही शादी में सरकार के दिशा निर्देशों की धज्जियां उड़ा दी गई.बता दें कि कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और जनता दल सेक्युलर (जेडीएस) के नेता एचडी कुमारस्वामी के बेटे निखिल कुमारस्वामी शुक्रवार को शादी के बंधन में बंध गए हैं। निखिल ने कांग्रेस के पूर्व आवासीय मंत्री एम कृष्णप्पा की भतीजी रेवती से शादी की है। बंगलूरू में स्थित कुमारस्वामी के आवास पर कल से ही शादी की रस्में शुरू हो गई थीं। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरू से करीब 28 किमी दूर रामनागरा स्थित फॉर्महाउस में यह समारोह आयोजित हुआ। समारोह की तस्वीरों से साफ नजर आता है कि किसी ने भी मॉस्क अथवा ग्लव्ज नहीं पहने थे और सोशल डिस्टेसिंग का पालन भी नहीं हुआ। इस समारोह के आयोजन में जिस तरह लॉकडाउन और शारीरिक दूरी के नियमों की धज्जियां उड़ाई गई उससे प्रशासन की व्यवस्था पर कई सवाल भी खड़े हुए। इस खबर पर बॉलीवुड गलियारे से भी खूब रिएक्शन आ रहे हैं। रवीना टंडन ने इस संबंध में ट्वीट किया है, जो सुर्खियों में है। रवीना टंडन ने निखिल कुमारस्वामी की शादी को लेकर लिखा है कि ठीक है। स्पष्ट है कि इन लोगों को पता नहीं है कि देश में कई लोग अपने परिवारों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं और भूखे रह रहे हैं, जबकि बाकी लोग इस संकट की घड़ी में गरीबों की मदद करने की कोशिश कर रहे हैं। आश्चर्य है कि बुफे में क्या परोसा गया था! हालांकि कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री सीएन अश्वत्थनारायण ने इस पर कार्रवाई करने की बात कही है। उन्होंने बताया कि मैंने रामनगर डिप्टी कमिश्नर से रिपोर्ट मांगी है। मैं पुलिस सुप्रिटेंडेंट से बात करूंगा, हमें इसपर कार्रवाई करनी होगी। पहले निखिल की शादी रामनगर के पास 95 एकड़ भूमि पर करने की योजना बनाई गई थी जिसमें पार्टी के लाखों कार्यकर्ता और शुभचिंतकों को शामिल होना था। उसके बाद बंगलूरू में भव्य रिसेप्शन आयोजित होना था। निखिल ने कुछ कन्नड़ फिल्मों में अभिनय किया है।