शिवसेना और बीजेपी में सीटों को लेकर अबतक सहमति नहीं
संवाददाता/in24 न्यूज़.
विधान सभा चुनाव की तारीख महाराष्ट्र के लिए भले ही तय हो गई हो, मगर शिवसेना और भारतीय जनता पार्टी में सीटों के बंटवारे को लेकर अबतक पूरी सहमति नहीं बन पाई है. दूसरी तरफ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पहले ही कह दिया है कई इसबार भी देवेंद्र फड़नवीस ही महाराष्ट्र के सीएम होंगे. शिवसेना बराबर सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है, जबकि बीजेपी शिवसेना को बराबर सीट देने को राजी नहीं है. इसी खींचतान को जाहिर करते हुए शिवसेना नेता संजय राउत ने सीटों के बंटवारे को भारत-पाकिस्तान के बंटवारे से भी भयंकर करार दिया है. शिवसेना नेता संजय राउत का कहना है कि महाराष्ट्र इतना बड़ा है. 288 सीटों का बंटवारा भारत और पाकिस्तान के बंटवारे से भी भयंकर है. संजय राउत ने कहा, अगर हम आज विपक्ष में बैठे होते तो आज की तस्वीर कुछ और होती. हम सीटों पर जो भी तय करेंगे हम आपको बताएंगे. शिवसेना के नेता संजय राउत ने ये बातें कहीं। महाराष्ट्र में बीजेपी और शिवसेना के बीच खींचतान की जो खबरें आ रही हैं, उनके मुताबिक, शिवसेना कम से कम 130 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है, जबकि आरपीआई नेता रामदास अठावले 10 सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छुक हैं. इस समय 288 सदस्यों वाली महाराष्ट्र विधानसभा में 122 सीटों के साथ बीजेपी अव्वल है तो शिवसेना के पास 63 सीटें हैं. महाराष्ट्र बीजेपी चाहती है कि सीटों का बंटवारा इस तरह हो कि उसके 122 सीटें बनी रहें. बीजेपी ज्यादा से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है. बीजेपी राज्य में अपनी निर्णायक भूमिका को कम करना नहीं चाहती है. इसी कारण बंटवारे का पेंच फंसा हुआ है. 2019 लोकसभा चुनाव से पहले भी बीजेपी और शिवसेना के बीच सीटों को लेकर मतभेद सामने आए थे और दोनों दलों में देरी से गठबंधन हुआ था.