Breaking News

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र होगा ट्रस्ट का नाम : पीएम मोदी

05 Feb, 2020 1035

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
अब जल्द ही अयोध्या में राम मंदिर निर्माण की दिशा में कारगर कदम उठाया जाएगा क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज लोकसभा में राम मंदिर निर्माण के लिए ट्रस्ट का ऐलान कर दिया. लोकसभा में पीएम मोदी ने बताया कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण करने वाले ट्रस्ट का नाम श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र होगा. पीएम मोदी ने कहा कि ये ट्रस्ट पूरी तरह से मंदिर निर्माण कार्य के लिए स्वतंत्र होगा. इसी के साथ पीएम मोदी ने कहा कि सुन्नी वक्फ बोर्ड के लिए पांच एकड़ जमीन को भी राज्य सरकार ने मंजूरी दे दी है. सदन में जब पीएम मोदी ने बोलना शुरु किया तो सबसे पहले पीएम मोदी ने कहा कि आज मैं बहुत ही अहम मुद्दे पर एक जानकारी देने के लिए उपस्थित हुआ हूं. पीएम मोदी ने कहा कि यह विषय करोड़ों देशवासियों की तरह मेरे हृदय के भी करीब है. यह विषय श्रीराम जन्मभूमि से जुड़ा हुआ है. यह विषय है अयोध्या में श्रीरामजन्मस्थली पर भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण से जुड़ा हुआ. पीएम मोदी ने कहा कि 9 नवंबर 2019 को मैं करतापुर साहिब कॉरिडोर के उद्घाटन के लिए पंजाब में था. उस दिन दिव्य वातावरण में मुझे देश की सर्वोच्च अदालत द्वारा राम जन्मभूमि को लेकर फैसले के बारे में पता चला था. सर्वोच्च न्यायालय ने अपने फैसले में कहा था कि इस पर राम लला का ही हक है. सुप्रीम कोर्ट ने यह भी कहा था कि केंद्र और राज्य सरकार आपस में परामर्श कर सुन्नी वक्फ बोर्ड को पांच एकड़ जमीन आवंटित करे. पीएम मोदी ने कहा कि मगर आज मुझे बताते हुए खुशी हो रही है कि आज सुबह हुई कैबिनेट की बैठक में सुप्रीम कोर्ट के फैसले को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं. मेरी सरकार ने कोर्ट के आदेशानुसार, श्रीरामजन्मस्थली पर भगवान राम के मंदिर के निर्माण के लिए एक वृहत योजना तैयार की है. सुप्रीम कोर्ट के फैसले के अनुसार, भगवान राम के मंदिर ट्रस्ट का नाम श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र होगा. यह ट्रस्ट मंदिर निर्माण पर फैसले लेने के लिए पूर्ण तौर पर स्वतंत्र होगा. बता दें कि राज्य सरकार ने भी काफी गहन विचार के बाद सुन्नी वक्फ बोर्ड के लिए 5 एक जमीन देने की मंजूरी दे दी है.

अन्य खबरे