Breaking News

सुष्मिता देव ने कांग्रेस पार्टी से दिया इस्तीफा

16 Aug, 2021 756

संवाददाता/in24 न्यूज़
कांग्रेस पार्टी को एक और बड़ा झटका लगा है। ऑल इंडिया महिला कांग्रेस की अध्यक्ष और असम के सिलचर से पूर्व सांसद सुष्मिता देव ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने सोनिया गांधी को इस्तीफा सौंपे जाने के साथ ही अपना ट्विटर बायो भी बदलकर कांग्रेस की ‘पूर्व  सदस्य’ कर दिया। वहीं इस मामले पर कपिल सिब्बल ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि पार्टी आंखें बंद कर आगे बढ़ रही है। पिछले करीब 3 दशकों से कांग्रेस में जुड़ी सुष्मिता ने पार्टी क्यों छोड़ी, इसके पीछे वजह स्पष्ट नहीं हो पायी है लेकिन बता दें कि लंबे समय से वह पार्टी से नाराज चल रही थीं। असम विधानसभा चुनाव के दौरान भी उनकी नाराजगी की खबरें लगातार सामने आ रही थीं। मार्च महीने में तो असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सुष्मिता देव के इस्तीफे की अटकलों को खारिज करना पड़ा था। उन्होंने सीट बंटवारे को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की थी। पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को लिखे एक संक्षिप्त पत्र में, सुष्मिता ने कहा कि वह पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रही हैं, लेकिन उन्होंने कोई विशेष कारण नहीं बताया।उन्होंने कहा कि मैं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के साथ अपने तीन दशक लंबे जुड़ाव को संजोती हूं। आपने मुझे जो मार्गदर्शन और अवसर दिए, उसके लिए मैं व्यक्तिगत रूप से आपका धन्यवाद करती हूं।बता दें कि सुष्मिता देव दिवंगत दिग्गज कांग्रेसी संतोष मोहन देव और बिथिका देव  की बेटी हैं। 2014 में पहली बार सिलचर की पारिवारिक सीट से संसद पहुंची थी।

अन्य खबरे