28 दिसंबर को राहुल गांधी मुंबई में!
संवाददाता/ in24 न्यूज़
अगर सब कुछ ठीक रहा तो, आने वाले 28 दिसंबर को यानी कांग्रेस स्थापना दिवस के अवसर पर मुंबई (mumbai) में एक ही मंच पर राहुल गांधी (rahul gandhi) और सोनिया गांधी (sonia gandhi) साथ नजर आ सकते हैं. मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष भाई जगताप (bhai jagtap) की मानें तो मुंबई कांग्रेस ने इस ऐतिहासिक क्षण को पूरा करने के लिए अभी से अपनी तैयारियां शुरू कर दी है. वैसे हर साल 28 दिसंबर के दिन कांग्रेस स्थापना दिवस के मौके पर कांग्रेस पार्टी की तरफ से अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है.
इसी कड़ी में इस बार भी कांग्रेस की तरफ से इस आयोजन की तैयारियों को लेकर मुंबई कांग्रेस (congress) की तरफ से एमआरसीसी कार्यालय में एक सभा का आयोजन किया गया, जिसमें 28 दिसंबर के दिन यानी कांग्रेस स्थापना दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गयी. कांग्रेस पार्टी की तरफ से स्थापना दिवस के मौके पर दादर के शिवाजी पार्क में एक महासभा का आयोजन करने का निर्णय लिया गया है.
कांग्रेस पार्टी के मुंबई अध्यक्ष भाई जगताप ने कहा कि मुंबई कांग्रेस की तरफ से भेजे गए निमंत्रण को राहुल गांधी ने स्वीकार कर लिया है,और वे 28 दिसम्बर को होने वाले कांग्रेस की सभा में शामिल होने के लिए मुंबई आएंगे. यही नहीं इस बार इस कार्यक्रम में कांग्रेस पार्टी 1885 से लेकर अब तक यानी 2021 तक कुल 61 कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्षों की तस्वीरों की प्रदर्शनी भी लगाएगी.