Breaking News

4 मई के बाद पश्चिम बंगाल में टीएमसी के गुंडों को छिपने की नहीं मिलेगी जगह- पीएम मोदी

24 Apr, 2026 73

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए बड़ा राजनीतिक बयान दिया है। शुक्रवार (24 अप्रैल) को एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने दावा किया कि 4 मई को चुनाव परिणाम आने के बाद टीएमसी कार्यकर्ताओं को राज्य में छिपने की जगह नहीं मिलेगी और कोई उन्हें बचा नहीं पाएगा।

प्रधानमंत्री ने कहा 4 मई को, नतीजे आने के बाद, टीएमसी के गुंडों के पास छिपने की कोई जगह नहीं होगी। कोई भी उन्हें बचा नहीं पाएगा। चुनाव का पहला चरण पहले ही टीएमसी के अंत का संकेत दे चुका है। उन्होंने पहले चरण के मतदान को टीएमसी के कथित महा जंगल राज के अंत का संकेत बताते हुए कहा कि जनता ने भारी मतदान के जरिए बदलाव का संदेश दे दिया है। पीएम मोदी ने रिकॉर्ड मतदान प्रतिशत को लोकतंत्र की मजबूती और चुनाव प्रक्रिया में जनता के विश्वास का प्रतीक बताया।

अपने भाषण में नरेंद्र मोदी ने भाजपा उम्मीदवार रत्ना देबनाथ का भी जिक्र किया, जो आरजी कर रेप और मर्डर केस की पीड़िता की मां हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें एक मंच दिया है,जिनकी बेटी मौजूदा सरकार के जंगल राज की शिकार हुई थी। प्रधानमंत्री ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी बड़ा वादा किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता में आने पर महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी और पार्टी भाई की तरह महिलाओं की रक्षा करने का काम करेगी, ताकि राज्य में सुरक्षित माहौल बनाया जा सके।

इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया था। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा भाजपा की बंगाल इकाई ने अपना मूल्यांकन कर लिया है। इसके आधार पर, मैं कह सकता हूं कि 152 सीटों में से भाजपा 110 से अधिक सीटें हासिल करेगी। दूसरे चरण को भी ध्यान में रखें तो भाजपा बंगाल में सरकार बनाने जा रही है।

पश्चिम बंगाल में पहले चरण का मतदान रिकॉर्ड स्तर पर रहा है, जिसे सभी राजनीतिक दल अपने-अपने तरीके से व्याख्यायित कर रहे हैं। दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को प्रस्तावित है, जबकि मतगणना 4 मई को होगी। चुनावी माहौल के बीच नेताओं के तीखे बयान और दावे जारी हैं, लेकिन राज्य में अगली सरकार किसकी बनेगी, इसका फैसला अंततः मतगणना के बाद ही स्पष्ट होगा।

अन्य खबरे