बीजेपी से इस्तीफे के बाद अन्नामलाई ने बनाई नई पार्टी, चुनाव लड़ने का किया ऐलान
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने तमिलनाडु भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई का पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने यह जानकारी दी। इस्तीफे के बाद अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि अन्नामलाई कौन सी बड़ी राजनीतिक घोषणा या फैसला लेते हैं।
इस्तीफा स्वीकार होने से पहले अन्नामलाई दिल्ली गए थे। इस दौरान उनकी मुलाकात भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से हुई। इसके बाद उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की और अपने राजनीतिक भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की। इन मुलाकातों के बाद ऐसी चर्चा थी कि भाजपा उन्हें मना कर पार्टी में बनाए रखेगी। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसलिए अब सबकी निगाहें उनके भविष्य पर टिकी हैं।
भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के पूर्व अधिकारी अन्नामलाई 2020 में भाजपा में शामिल हुए। थोड़े ही समय में वे तमिलनाडु में पार्टी के प्रमुख चेहरे बन गए। 2021 से 2025 तक राज्य अध्यक्ष के रूप में उन्होंने कई राज्यव्यापी चुनाव प्रचार अभियानों का नेतृत्व किया और युवाओं के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी अपने समर्थकों का मजबूत आधार बनाया। 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के बाद उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर अटकलें तेज हो गईं। पार्टी के सबसे लोकप्रिय नेताओं में से एक होने के बावजूद उन्होंने विधानसभा चुनाव नहीं लड़ा। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, अन्नामलाई स्वतंत्र राजनीतिक मार्ग की ओर दृढ़ता से बढ़ते नजर आ रहे हैं। इस बीच, यह भी चर्चा है कि वे एक नई राजनीतिक पार्टी बना सकते हैं।