पीएम मोदी ने मणिपुर में 7,300 करोड़ की परियोजनाओं का किया शिलान्यास
मणिपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चुराचांदपुर पहुंचने पर फूलों से स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने शहर के स्थानीय लोगों से बातचीत भी की। प्रधानमंत्री आज चुराचांदपुर में 7,300 करोड़ रुपए से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मणिपुर के सभी संगठनों से शांति के मार्ग पर अपनाकर सपनों को साकार करने की अपील की। प्रधानमंत्री मोदी ने इन संगठनों को भरोसा दिलाया कि वह उनके साथ मजबूती से खड़े हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "हमें खुशी है कि हाल ही में पहाड़ियों और घाटियों के विभिन्न संगठनों के साथ समझौते के लिए बातचीत हुई है। भारत सरकार संवाद, सम्मान और आपसी समझ को बढ़ावा देकर शांति स्थापित करने का प्रयास कर रही है। मैं सभी संगठनों से शांति के मार्ग पर अपने सपनों को साकार करने की अपील करता हूं। मैं आपके साथ हूं, भारत सरकार मणिपुर के लोगों के साथ है।"
प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को मणिपुर के चूड़ाचंदपुर में 7,300 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा, मणिपुर की यह धरती साहस और वीरता की धरती है। यहां के पहाड़ प्रकृति का अमूल्य उपहार तो हैं ही, साथ ही ये पहाड़ आपकी निरंतर मेहनत का भी प्रतीक हैं। मणिपुर के लोगों के दृढ़ संकल्प को सलाम करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, इतनी भारी बारिश के बावजूद आप इतनी बड़ी संख्या में यहां आए हैं, मैं आपके इस प्यार के लिए आपका धन्यवाद करता हूं।
अपने भाषण में प्रधानमंत्री ने कहा, मणिपुर के नाम में एक रत्न समाया हुआ है, और यह रत्न भविष्य में पूरे पूर्वोत्तर भारत का गौरव बढ़ाएगा। भारत सरकार मणिपुर को विकास के पथ पर तेज़ गति से आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी उद्देश्य से मैं आपके बीच आया हूं। उन्होंने आगे कहा, केंद्र सरकार मणिपुर में सामान्य जनजीवन बहाल करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। सरकार का लक्ष्य मणिपुर को शांति, समृद्धि और प्रगति का प्रतीक बनाना है।
प्रधानमंत्री ने कहा, आप सभी जानते हैं कि पहले यहां के गांवों तक पहुंचना कितना मुश्किल था। अब सैकड़ों गांवों तक सड़क संपर्क पहुंच गया है। इससे पहाड़ों में रहने वाले लोगों और आदिवासी गांवों को बहुत लाभ हुआ है। भाजपा सरकार के कार्यकाल में ही मणिपुर में रेल संपर्क का विस्तार हो रहा है। जिरीबाम-इंफाल रेलवे लाइन बहुत जल्द राजधानी इंफाल को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जोड़ देगी।