Breaking News

पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के लिए हुई वोटिंग, मतदान केंद्रों पर उमड़ी भारी भीड़

23 Apr, 2026 85

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान जारी है। मतदान सुबह सात बजे से शुरू हुआ और शाम छह बजे तक चलेगा। पहले चरण में 16 जिलों के कुल 152 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान हो रहा है। इन जिलों में दार्जिलिंग, कलिम्‍पोंग, जलपाईगुडी, अलीपुरदुआर, कूचबिहार, उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर, मालदा, मुर्शिदाबाद, बीरभूम, पश्चिम बर्धमान, पुरूलिया, बांकुडा, झाडग्राम, पश्चिम मेदिनीपुर और पुर्वी मेदिनीपुर शामिल हैं। पहले चरण के लिए कुल 1 हजार 478 उम्‍मीदवार चुनावी मैदान में है।

 
152 निर्वाचन क्षेत्रों में 44 हजार से अधिक मतदान केन्‍द्र स्‍थापित किए गये हैं। इनमें से सात हजार 384 मतदान केन्‍द्रों को अत्‍यधिक संवेदनशील माना जा रहा है। इस चरण में तीन करोड़ 60 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। निर्वाचन आयोग ने स्‍वतंत्र और निष्‍पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए दो लाख 40 हजार से अधिक कर्मियों के साथ दो हजार 407 केन्‍द्रीय सशस्‍त्र पुलिस बलों की कंपनियां तैनात की हैं। त्‍वरित कार्रवाई दल भी मतदान केन्‍द्रों के आस-पास तैनात किए गये हैं। निर्वाचन आयोग ने शिकायत दर्ज कराने के लिए एक समर्पित टोल फ्री नंबर और एक ईमेल आईडी शुरू किया है।
 
पहले फेज की महत्वपूर्ण सीटों की बात करें, तो सिलीगुड़ी, दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, उत्तर कूच बिहार, दक्षिण कूच बिहार, रायगंज, इस्लामपुर, बालूरघाट, मालदा और मुर्शिदाबाद की कई सीटें हैं. साथ ही, आसनसोल, बांकुड़ा, पुरुलिया और बहरामपुर जैसी अहम सीटें भी शामिल हैं। चर्चित सीटों में नंदीग्राम में वोटिंग भी पहले चरण में ही होने वाली है। नंदीग्राम पिछले साल तो सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण सीट बन गई थी, क्योंकि 2021 के बंगाल विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और बीजेपी के शुभेंदु अधिकारी के बीच मुकाबला था और इस बार भी दोनों में मुकाबला है, लेकिन शुभेंदु अधिकारी नंदीग्राम और भवानीपुर दो जगहों से चुनाव लड़ रहे हैं।
 
इसी तरह बहरामपुर में कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी, खड़गपुर सदर में बीजेपी नेता दिलीप घोष और दोमकल सीट पर आम जनता उन्नयन पार्टी के नेता हुमायूं कबीर की किस्मत का फैसला भी पहले फेज में ही होना है। जो बंगाल में बाबरी मस्जिद को लेकर सुर्खियों में रहे हैं। पश्चिम बंगाल की 294 में से 142 सीटों के लिए दूसरे फेज में 29 अप्रैल को वोटिंग होगी। पहले फेज की 66 विधानसभा क्षेत्रों को ‘रेड अलर्ट’ सीट घोषित किया गया है। रेड अलर्ट उन सीटों को घोषित किया गया है, जहां 3 या उससे ज्यादा उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले हैं। पहले चरण में महिलाओं की हिस्सेदारी 11 फीसदी है।

पश्चिम बंगाल में जहां पहले चरण की 152 सीटों के लिए मतदान चल रहा है वहीं बात अगर तमिलनाडु की करें, तो यहां एक ही चरण में सभी 234 विधानसभा सीटों पर वोटिंग शुरू है। जानकारी के मुताबिक राज्य में 5.73 करोड़ से अधिक मतदाता 4,023 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला करेंगे। राज्य के चुनावी मुकाबले में डीएमके गठबंधन और एआईएडीएमके गठबंधन आमने-सामने हैं।

 
डीएमके जहां इंडी गठबंधन के साथ मिलकर सत्ता बरकरार रखने के लिए पुरजोर प्रयास कर रही है, वहीं एआईएडीएमके का गठबंधन एनडीए के साथ है और पिछले पांच साल विपक्ष में रहने के बाद सत्ता में वापसी के लिए अथक प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने दावा किया है कि वे तमिलनाडु को दक्षिण एशिया का एक आदर्श राज्य बनाएंगे, वहीं अन्नाद्रमुक के महासचिव ईके पलानीस्वामी ने युवा मतदाताओं से अपील की है कि वे गलत व्यक्ति को न चुनें।
 
इन सब के बीच फिल्म अभिनेता और टीवीके प्रमुख विजय थलपति दोनों मुख्य गठबंधनों का खेल खराब कर सकते हैं। टीवीके प्रमुख विजय के मैदान में आने से कई सीटों पर त्रिकोणीय मुकाबला होने के आसार हैं। तमिलनाडु में इस बार युवा मतदाताओं ने बड़ी संख्या में वोट देंगे। जो चुनावी तस्वीर को प्रभावित कर सकते हैं. मतदान के लिए 33,133 स्थानों पर 75,064 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं. इसके लिए 1,06,418 बैलेट यूनिट, 75,064 कंट्रोल यूनिट और VVPAT मशीनें तैनात की गई हैं। आज सुबह से ही आम लोगों के साथ फिल्म स्टार्स भी मतदान केंद्र पर वोटिंग के लिए लाइन में खड़े नजर आए और कईयों ने मतदान भी किया। तमिलनाडु के डिप्टी सीएम ने अपने परिवार के साथ वोटिंग की है। राजनेताओं के अलावा अभिनेता कमल हासन अपने बेटी श्रुति हासन के साथ और थलाइवा रजनीकांत भी वोटिंग करते नजर आए

अन्य खबरे