धोनी से अंडर-19 महिला क्रिकेटरों ने सीखे क्रिकेट के गुर
संवाददाता/in24 न्यूज़.
मास्टरकार्ड द्वारा अंडर-19 महिला क्रिकेटरों (Under-19 women cricketers) के लिए आयोजित कार्यशाला में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) ने युवा प्रतिभाओं का मार्गदर्शन किया। ‘क्रिकेट क्लिनिक-एमएसडी’ कार्यशाला का आयोजन 12 फरवरी को मुंबई के प्रतिष्ठित वानखेड़े स्टेडियम में किया गया, जहां धोनी ने 15 खिलाड़ियों के साथ एक प्रशिक्षण सत्र में हिस्सा लिया। धोनी ने मैदान के अपने अनुभव साझा करने के अलावा लड़कियों को कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिये। इन खिलाड़ियों का चयन युवा महिला क्रिकेटरों के लिये मास्टरकार्ड द्वारा आयोजित सोशल मीडिया प्रतियोगिता के जरिये किया गया था। कार्यशाला के दौरान, धोनी ने तनाव सहने, क्रिकेट में करियर बनाने, फिटनेस बनाये रखने, सही योजना तैयार करने और अन्य पहलुओं पर खिलाड़ियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने युवा खिलाड़ियों को बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग मूलमंत्र भी सिखाये। धोनी ने कार्यशाला के बाद कहा कि भारत हमेशा से एक खेल महाशक्ति रहा है और महिला क्रिकेटर आज अपने निरंतर प्रदर्शन और मजबूत दृढ़ संकल्प के साथ बाधाओं को तोड़ रही हैं। मास्टरकार्ड क्रिकेट क्लिनिक-एमएसडी के दौरान कई महिला क्रिकेटरों के साथ मेरी बातचीत ने भारत में महिला क्रिकेट के भविष्य के प्रति मेरे विश्वास को गहरा किया है। मैं खेल के मैदानों में महिलाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें एक अमूल्य अनुभव प्रदान करने के लिये मास्टरकार्ड के साथ साझेदारी करने के लिए बेहद उत्साहित हूं। जाहिर है अंडर-19 महिला क्रिकेटरों के लिये धोनी का मार्गदर्शन बेहद मायने रखता है।