सुरक्षाबलों और आतंकियों बीच मुठभेड़, एक जवान शहीद, चार घायल
संवाददाता/in24 न्यूज़.
आज सुबह जम्मू के सुंजवां में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों ने आतंकी संगठन जैश ए मोहम्मद के दो आतंकियों को घेर लिया। इस दौरान आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी की। इस गोलीबारी में एक जवान शहीद हो गया। वहीं चार जवान घायल हो गए। खबर के मुताबिक सुरक्षाबलों ने इलाके को घेर लिया है और मुठभेड़ जारी है। उन्होंने यह भी बताया कि आतंकवादियों के एक घर में छिपे होने की संभावना है। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सांबा जिले के निर्धारित दौरे से दो दिन पहले जम्मू-कश्मीर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुंजवां में मुठभेड़ की ये घटना हुई है। खबर के मुताबिक जम्मू के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक मुकेश सिंह ने बताया कि जैश-ए-मोहम्मद संगठन से संबंधित दो आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में एक विशेष सूचना पर एक तलाशी अभियान शुरू किया गया था। आतंकियों ने सुरक्षाबलों को देखते ही एक ग्रेनेड फेंका और फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई में फायरिंग शुरू कर दी। आतंकियों के साथ इस मुठभेड़ में सीआईएसएफ के एएसआई एसपी पटेल शहीद हो गए हैं। वहीं पुलिस हेड कांस्टेबल कठुआ के बलराज सिंह, अखनूर के एसपीओ साहिल शर्मा, ओडिशा के सीआईएसएफ के प्रमोद पात्रा और असम के अमीर सोरन घायल हो गए हैं। वहीं अधिकारियों ने बताया कि इलाके में सुरक्षा बलों को भेजा गया है और आतंकवादियों को मार गिराने के लिए अभियान जारी है। बता दें कि 10 फरवरी 2018 को जैश ए मोहम्मद के तीन आतंकवादियों ने सुंजवां आर्मी कैंप पर धावा बोल दिया था। इस मुठभेड़ में छह जवानों समेत सात लोग मारे गए थे। इसके बाद भी आतकियों में डर नहीं है।