Breaking News

नेशनल शूटिंग चैंपियन कोनिका लायक ने आत्महत्या की

16 Dec, 2021 956

संवाददाता/in24 न्यूज़.
नेशनल शूटिंग चैंपियन कोनिका लायक ने आत्महत्या कर ली है। खबर के मुताबिक धनबाद की रहने वाली नेशनल शूटिंग चैंपियन कोनिका लायक की लाश कोलकाता स्थित उसके हॉस्टल के फ्लैट में फंदे में लटकी मिली है। पिछले तीन महीने से कोलकाता में रह कर कोनिका राइफल शूटिंग की ट्रेनिंग ले रही थी। बेटी की मौत की खबर सुन कर धनबाद के धनसार में रहने वाला परिवार कोलकाता पहुंच गया है। जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह हॉस्टल में रहने वाली लड़कियों ने इसकी सूचना धनबाद स्थित कोनिका के घरवालों को दी। वहीं स्थानीय बाली थाना की टीम ने पहुंच कर लाश को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी। देर शाम धनसार से कोनिका के माता-पिता कोलकाता पहुंच चुके थे। घटना के बाद से ही कोनिका के घरवाले का रो-रोकर बुरा हाल है। देर रात बाली थाना में ही कोनिका के परिजन रुके हुए हैं। बुधवार की सुबह ही कोनिका के हॉस्टल से परिजनों को फोन आया कि आपकी बेटी की तबीयत खराब है, आप लोग जल्दी पहुंचें। सूचना मिलते ही पूरा परिवार सुबह-सुबह ही कोलकाता के लिए रवाना हो गया था। पिछले तीन माह से वह कोलकाता स्थित जयदीप कर्माकर शूटिंग अकादमी में ट्रेनिंग ले रही थी। अकादमी के हेड कोच मनोजित ने बताया कि कोनिका बहुत ही मेहनती लड़की थी। उसने तीन माह में ही बहुत कुछ सीखा था, लेकिन वह तीन-चार दिनों से अकादमी नहीं आ रही थी। ऐसा कदम उसने क्यों उठाया यह समझ से परे है। राष्ट्रीय स्तर की शूटिंग प्रतियोगिताओं में झारखंड को पदक दिला चुकी कोनिका लायक उस समय चर्चा में आई थी, जब आधुनिक राइफल खरीदने के लिए उसने सोनू सूद को ट्वीट कर मदद मांगी थी। सोनू सूद की मदद से कोनिका ने राइफल भी खरीदी थी। जून के महीने में सोनू सूद ने लगभग तीन लाख की लागत वाली जर्मन राइफल भेजी थी। सोनू सूद ने ही कोलकाता स्थित शूटिंग अकादमी में उसकी ट्रेनिंग का इंतजाम कराया था। राइफल भेजने के बाद सोनू सूद ने कोनिका को वीडियो कॉल कर मेहनत करने की सलाह दी थी। मगर अब देश का नाम रोशन करनेवाली बेटी ने इस दुनिया से हमेशा के लिए अपना मुंह मोड़ लिया है।

अन्य खबरे