Breaking News

भारतीय हॉकी टीम को सेमीफाइनल से पहले बड़ा झटका, अमित रोहिदास पर लगा बैन

05 Aug, 2024 644

भारतीय हॉकी टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए पेरिस ओलंपिक 2024 के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। हालांकि, टीम को पहले ही बड़ा झटका लग चुका है। दरअसल स्टार खिलाड़ी अमित रोहिदास पर एक मैच का प्रतिबंध लगा दिया गया है। ऐसे में वह सेमीफाइनल में खेलते नजर नहीं आएंगे। अमित एक बेहतरीन डिफेंडर हैं और उनके टीम में न होने से टीम की डिफेंस कमजोर हो सकती है। रोहिदास पर अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) ने प्रतिबंध लगा दिया है। एफआईएच के फैसले पर हॉकी इंडिया की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। हॉकी इंडिया ने कहा है कि वह इस फैसले के खिलाफ अपील करेगा। 

कल भारत बनाम ग्रेट ब्रिटेन हॉकी मैच खेला गया। इस मैच में भारत ने ग्रेट ब्रिटेन को हराया था। इस अहम मुकाबले में भारतीय टीम को दूसरे सेशन में बड़ा झटका लगा। अमित रोहिदास को रेड कार्ड मिलने के कारण पूरे मैच से बाहर कर दिया गया। इसके बाद भारतीय हॉकी टीम को पूरा मैच सिर्फ 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा। दरअसल, मैच के दौरान भारतीय खिलाड़ी अमित रोहिदास की हॉकी स्टिक ग्रेट ब्रिटेन के खिलाड़ी विल कैलन के चेहरे पर लग गई। इसके चलते अमित को रेड कार्ड दिया गया। इस कार्ड के कारण उन पर बैन लगाया जा चुका है। 

बता दें कि अगर किसी खिलाड़ी को जानबूझकर चोट पहुंचाने की कोशिश की जाती है तो लाल कार्ड दिया जाता है। हॉकी इंडिया ने अब इस फैसले के खिलाफ अपील की है। एफआईएच जूरी बेंच अब इस पर फैसला करेगी. अगर एफआईएच जूरी को भी लगता है कि अमित रोहिदास ने कोई 'जानबूझकर प्रयास' नहीं किया था, तो उनका लाल कार्ड रद्द किया जा सकता है। 

अन्य खबरे