Breaking News

स्वप्निल कुसाले ने भारत को पेरिस ओलंपिक में दिलाया तीसरा मेडल

01 Aug, 2024 545

पेरिस ओलिंपिक 2024 के 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में भारत के स्टार शूटर स्वप्निल कुसाले ने इतिहास रच दिया। क्वालीफिकेशन में सातवें नंबर पर रहे स्वप्निल ने 451.4 स्कोर करके तीसरा स्थान हासिल किया। इसके साथ ही भारत को तीसरा कांस्य पदक मिला। इससे पहले मनु भाकर ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल और सरबजोत सिंह के साथ 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम वर्ग में कांस्य जीता था। भारत के ओलंपिक इतिहास में पहली बार निशानेबाजों ने तीन मेडल एक ही खेलों में जीते हैं।  

स्वप्निल ने ओलिंपिक में पहली बार डेब्यू किया है।  और पहले ही ओलिंपिक में स्वप्निल ने ब्रॉन्ज मेडल जीता है। स्वप्निल ने प्रोन में 197 और नीलिंग राउंड में 198 के बाद स्टैंडिंग में 195 अंक के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। स्वप्निल कुसाले 2015 में कुवैत में हुई एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में 50 मीटर राइफल प्रोन 3 इवेंट में गोल्ड मेडल जीत चुके हैं। इसके अलावा वे तुगलकाबाद में 59वें नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में गगन नारंग और चेन सिंह जैसे बड़े शूटरों को हराकर जीत हासिल कर चुके हैं।

पुणे में जन्मे स्वप्निल कुसाले ने क्वालीफिकेशन राउंड में शानदार प्रदर्शन करते हुए 60 शॉट्स में 590 अंक हासिल किए थे। 28 साल के स्वप्निल साल 2012 से इंटरनेशनल शूटिंग इवेंट्स में हिस्सा ले रहे हैं। स्वप्निल एमएस धोनी को अपना रोल मॉडल मानते हैं। धोनी की तरह स्वप्निल भी सेंट्रल रेलवे में टिकट कलेक्टर का काम करते हैं। बता दें कि उनकी मां कंबलवाडी गांव की सरपंच हैं, जबकि पिता और भाई टीचर हैं।

पीएम नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर स्वप्निल कुसाले को ब्रॉन्ज मेडल जीतने के लिए बधाई दी है। उन्होंने लिखा, "स्वप्निल कुसाले ने असाधारण प्रदर्शन किया है। उन्हें पेरिस ओलंपिक 2024 में पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन में कांस्य पदक जीतने के लिए बधाई।

अन्य खबरे