कांग्रेस के भीतरखाने में कोहराम !
संवाददाता/in24न्यूज़/राजस्थान. भगवत गीता में श्री कृष्ण ने सही कहा है कि तेरे सर्वनाश का कारण तेरे अपने ही होंगे. राजस्थान में चल रही सियासी उठापटक में श्री कृष्ण का यह उपदेश चरितार्थ होते दिखाई दे रहा हैं. राजस्थान में कांग्रेस पार्टी की सरकार है और उसी पार्टी के दो शीर्ष नेता, जिसमें एक मुख्यमंत्री है तो दूसरा उपमुख्यमंत्री. और अब इन दोनों में मानो नूरा कुश्ती मची हो, जिसमें एक तरफ है मुख्यमंत्री अशोक गहलोत तो दूसरी तरफ उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट. इसलिए हम कह सकते हैं कि राजस्थान में कांग्रेस सरकार पर संकट के बादल छाने लगे हैं. सचिन पायलट ने खुले तौर पर बगावत कर दी है उन्होंने कहा कि राजस्थान में अशोक गहलोत की सरकार अल्पमत में है. रविवार सुबह से ही अटकलों का बाजार इस बात को लेकर गर्म था कि सचिन पायलट के साथ 19 विधायक हैं लेकिन शाम होते होते सचिन पायलट में यह कहकर सभी को चौंका दिया कि उनके पास 30 से अधिक विधायक है. खबर यह भी आ रही है कि सोमवार को राजस्थान में कांग्रेस पार्टी के विधायक दल की बैठक होने वाली है लेकिन उसमें सचिन पायलट हिस्सा नहीं लेंगे. सचिन पायलट के समर्थकों के मुताबिक इस बैठक में सचिन पायलट नहीं जाएंगे. उन्होंने यह संदेश दिया है कि 30 कांग्रेस विधायक और निर्दलीय विधायकों का समर्थन उन्हें हासिल है. इस खबर के बाद राजस्थान के राजनीति में भूचाल सा आ गया है. वहीं दूसरी ओर सचिन पायलट के इस रुख ने कांग्रेस पार्टी के भीतर खाने में कोहराम मचा दिया है.