जसप्रीत बुमराह ने ठुकराई टेस्ट टीम की कप्तानी, बोले- "मैं हर मैच नहीं खेल सकता"
भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने टेस्ट टीम की कप्तानी को लेकर चुप्पी तोड़ी है। बुमराह ने खुलासा किया है कि उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के दौरान भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा दी गई टेस्ट कप्तानी की पेशकश को ठुकरा दिया था। बुमराह ने कहा कि कार्यभार के प्रबंधन और चोट की चिंताओं को ध्यान में रखते हुए उन्होंने यह निर्णय लिया।
बुमराह ने कहा, "मैंने बीसीसीआई से स्पष्ट रूप से कहा कि मैं सभी टेस्ट मैच नहीं खेल पाऊंगा। ऐसे में कप्तानी करना टीम के हित में नहीं होगा। किसी और को बीच में आकर कप्तानी संभालनी पड़े, यह आदर्श स्थिति नहीं है।"गौरतलब है कि पिछले कुछ वर्षों में बुमराह लगातार पीठ की चोट से जूझते रहे हैं, जिसके चलते वह कई अहम सीरीज और टूर्नामेंट से बाहर रहे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पांचवें टेस्ट से भी उन्हें बाहर होना पड़ा था, और चैंपियंस ट्रॉफी में भी वे नहीं खेल सके।
बुमराह ने बताया कि रोहित शर्मा और विराट कोहली के टेस्ट से संभावित संन्यास के बाद बीसीसीआई उन्हें अगला टेस्ट कप्तान बनाना चाहता था। लेकिन उन्होंने खुद को इस भूमिका से दूर रखने का फैसला किया।
शुभमन गिल को मिली कप्तानी
बुमराह के इनकार के बाद, बीसीसीआई ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए शुभमन गिल को टीम की कमान सौंपी है। चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर ने यह निर्णय रोहित के संन्यास की घोषणा के बाद लिया।