Breaking News

नवाज शरीफ के खिलाफ कोई शत्रुता नहीं : इमरान खान

16 Nov, 2019 1222

संवाददाता/in24 न्यूज़.
गंभीर बीमारी से जूझ रहे पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ़ के प्रति हमदर्दी व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री इमरान खान ने कहा है कि वह नवाज शरीफ के खिलाफ कोई शत्रुता नहीं रखते हैं और बीमार पूर्व प्रधानमंत्री की स्वास्थ्य की चिंता राजनीति से ज्यादा महत्वपूर्ण है. खबरों के मुताबिक, पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के प्रमुख शहबाज शरीफ ने शुक्रवार को चेतावनी दी थी कि अगर उनके भाई को कुछ होता है तो वह इसके लिए प्रधानमंत्री इमरान खान को जिम्मेदार ठहराएंगे, क्योंकि उनका प्रशासन नो-फ्लाई लिस्ट से नवाज शरीफ का नाम हटाने में देरी कर रहा है. शहबाज की इस चेतावनी के बाद इमरान खान का यह बयान सामने आया है. शुक्रवार को पाकिस्तान-तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) की कोर कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए इमरान खान ने कहा कि उनकी सरकार ने मानवीय आधार पर हर मंच पर शरीफ परिवार के प्रमुख नवाज को सुविधा प्रदान की है और उनके नाम को एग्जिट कंट्रोल लिस्ट (ईसीएल) से हटाने को लेकर कानूनी विकल्प भी दिया. उन्होंने कहा कि अगर शरीफ परिवार ने ईसीएल से पूर्व प्रधानमंत्री का नाम हटाने के लिए क्षतिपूर्ति बांड भरने के बजाय अदालत का रुख किया तो सरकार को कोई परेशानी नहीं है. हालांकि, इमरान खान ने खेद व्यक्त किया कि 69 वर्षीय राजनेता के स्वास्थ्य को लेकर शरीफ परिवार राजनीति कर रहा है.

अन्य खबरे