अभिनेता शाहबाज बादी की गाड़ी से टकराकर दो लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने दायर की चार्जशीट
संवाददाता/in24 न्यूज़.
आज से लगभग तीन महीने पहले टीवी ऐक्टर शाहबाज बादी की गाड़ी से टकराकर दो लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने चार्जशीट दायर की है. आरएके मार्ग पुलिस ने चार्जशीट में एक प्रत्यक्षदर्शी की गवाही के तौर पर लिखा है कि जब शाहबाज ने गाड़ी का नियंत्रण खोया तो उनकी पत्नी अमरीन उनकी गोदी में बैठी थीं. हालांकि, शाहबाज की ओर से दावा किया गया है कि टक्कर के बाद कार पलटने के की वजह से अमरीन अपनी सीट से निकल गईं थीं और किसी ने हादसे के पहले अमरीन को उनकी गोदी में बैठे नहीं देखा. अभियोजन ने दावा किया है कि हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने देखा शाहबाज का एक पैर ब्रेक के पास और दूसरा गेयरबॉक्स के पास था जिससे यह माना गया कि हादसे के वक्त वह शाहबाज की गोदी में थीं. हालांकि, बादी के वकील मुबीन सोलकर ने हादसे से ठीक पहले ली गई एक सेल्फी और वीडियो के जरिए यह दलील दी है कि अभियोजन का आरोप गलत है. बादी की ओर से दावा किया गया है कि सेल्फी और विडियो में दिख रहा है कि कार के पलटने की वजह से अमरीन अपनी सीट से निकल गईं. उन्होंने दावा किया है कि अमरीन ने सीट बेल्ट पहन रखी थी. उन्होंने कहा कि उनकी ब्लड रिपोर्ट से यह साबित हो गया है कि हादसे के वक्त उन्होंने शराब नहीं पी थी, इसलिए अब उन पर यह आरोप लगाया जा रहा है कि कपल गलत अवस्था में बैठा था.