Breaking News

एक साथ 11 लाशें मिलने से सनसनी !

09 Aug, 2020 913

संवाददाता/in24 न्यूज़/जोधपुर

राजस्थान के जोधपुर जिले में एक साथ 11 लोगों का शव मिलने से हड़कंप मच गया है. एक खेत में 11 लोगों की लाश मिलने की खबर बिजली की भांति फैल गयी जिससे लोग सकते में आ गए हैं. यह घटना देचू थाना क्षेत्र की  है.  इस इलाके में एक खेत पर बने मकान में रविवार को एक साथ 11 सदस्यों की लाशें मिली हैं, जबकि इस कुनबे का 12वां सदस्य, जो रात में उन सभी लोगों से दूर जाकर सोया हुआ था, उसकी जान बच गई है, लेकिन वह अभी तक सदमे में है. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी शवों का पंचनामा कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया है लेकिन इस मामले में पुलिस हाथ कोई सुराग नहीं लग पाया है.

जानकारी के मुताबिक सभी लोग पाक विस्थापित हैं और खेत किराए पर लेकर खेती करने का काम करते थे. फिलहाल, यह पता नहीं चल पाया है कि सभी 11 लोगों की मौत आखिर कैसे हुई. परिवार का सिर्फ एकमात्र सदस्य ही जिंदा बचा है. वह रात को अपने घर से दूर जाकर एक रेतीली जगह पर सो गया था. यह घटना लोड़ता अचलावता गांव की है. जहां एक नलकूप पर बने घर में यह सभी सदस्य रात में सो रहे थे और घर से दूर जाकर सो रहा युवक सुबह उठकर जब यहां आया तो उसने देखा कि एक साथ 11 सदस्यों के शव पड़े हैं. उसके चिल्लाने पर आसपास के खेतों से लोग भागकर पहुंचे, जिसके बाद पुलिस को इस सनसनीखेज़ घटना की सूचना दी गई.  जिला पुलिस अधीक्षक (जोधपुर ग्रामीण) राहुल बारहठ समेत अन्य अफसर अभी तक किसी भी नतीजे तक नहीं पहुंच पाए हैं.  फिलहाल, पुलिस ने घर के आसपास का पूरा इलाका सील कर दिया है, हर चीज की बड़ी बारीकी से पड़ताल की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच होने के बाद ही पता चल पाएगा कि एक साथ इतने लोगों की मौत कैसे हुई ? लेकिन एक ही परिवार के 11 लोगों की एकसाथ हुई मौत ने कई तरह के सवाल खड़े कर दिए हैं.

अन्य खबरे