Breaking News

चोर को पकड़ने के लिए पुलिस ने खुदवा डाले सभी नाले

22 May, 2021 1321

संवाददाता/in24 न्यूज़.
चोर के पीछे जब पुलिस पड़ती है तो उसे पकड़ने के लिए हरसंभव प्रयास करती है। बिहार के अररिया में चोर-पुलिस की एक बेहद दिलचस्प खबर मिली है। इस चोर के अजब-गजब कारनामे की एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। हुआ यूं कि चोरी के आरोप में पकड़े गए एक चोर को बुधवार को पुलिस कोर्ट में पेश करने के लिए लेकर जा रही थी। अचानक चोर पुलिस की पकड़ से छूट गया और एक नाले में जाकर कूद गया। फिर क्या था, पुलिस कर्मियों के पसीने छूट गए। पुलिस ने चोर को खोजने के लिए शहर के तमाम नालों की खुदाई करवानी शुरू कर दी। जब राहगीरों को पता चलता कि चोर की तलाश में नाले की खुदाई करवाई जा रही है तो वो अपनी हंसी नहीं रोक पाते थे। लेकिन ये सब कुछ हकीकत था कि चोर नाले में ही कूदा था। जानकारी के अनुसार यह शातिर चोर बुधवार को अररिया में कोर्ट में पेशी के लिए ले जाने के दौरान पुलिस कस्टडी से हथकड़ी खोल कर फरार हो गया। पुलिस से बचने के प्रयास में यह चोर सड़क के बीचों-बीच एक नाले में जा कूदा और पुलिस को दिखाई देना बंद हो गया। नाला ज्यादा गहरा था। इसका लाभ लेकर चोर नाले के अंदर ही अंदर करीब 5 घंटों तक लूकाछिपी का खेल खेलता रहा। चोर को पकड़ने के लिए पुलिस जेसीबी मशीन लेकर शहर के पूरे नाले को खोदने में लग गई। धीरे-धीरे पुलिस ने पूरे अररिया शहर के नाले की खुदाई कर डाली। अररिया नगर थाना से चोर को कोर्ट में पेश करने के लिए लेकर जाया जा रहा था। इस दौरान वो हाथ से हथकड़ी खोल कर फरार हो गया। एक जगह पर वो खुले नाले में कूद गया। जिस पर कुछ स्थानीय लोगों की नजर पड़ गई थी। इन्होंने पुलिस को पूरी जानकारी दे दी। फिर पुलिस को किस बात का था इंतजार, पुलिस ने आनन-फानन में नाले की ही खुदाई करवानी शुरू कर दी। पुलिस नाले में पैर के ताजा निशान के पाए जाने के आधार पर खुदाई की। नगर थाना के पास से सप्ताहभर पहले हुई बाइक चोरी के मामले में खरैयाबस्ती निवासी शहंशाह को गिरफ्तार किया था। आरोपी को बुधवार को कोर्ट में पेश करने के लिए ले जाया जा रहा था। जो फरार हो गया। नाले में छिपे हुए शाति चोर और पुलिस की जेसीबी मशीन से चल रही खुदाई का ड्रामा दिनभर चलता रहा। बता दें पूरे दिन चले इस खेल में शहर के एक किलोमीटर रेडियस तक सभी नालों को पुलिस ने खोद दिया है। इसके बाद पुलिस की पकड़ में चोर आ सका। एसडीपीओ पुष्कर कुमार ने कहा कि लंबे जद्दोजहद के बाद आखिरकार सफलता मिली व चोर को पकड़ ही लिया गया है। वैसे पुलिस की ओर साफ नहीं किया गया है कि चोर को नाले से पकड़ा गया है या किसी ओर से जगह से दबोचा गया है। बता दें कि चोर पुलिस के इस खेल का लोग चटखारें ले-लेकर चर्चा के साथ मज़ा ले रहे हैं।

अन्य खबरे