जामिया इलाके में फायरिंग, छात्र को लगी गोली
संवाददाता/in24 न्यूज़.
जामिया के परिसर में फायरिंग के बाद एक छछात्र को गोली लगी है. गौरतलब है कि नागरिकता कानून आने के बाद दिल्ली के शाहीन बाग इलाके में 40 से ज्यादा दिनों से प्रदर्शन हो रहा है. इस दौरान खबर आ रही है कि जामिया इलाके में एक युवक ने फायरिंग की है, जिसमें एक छात्र घायल हो गया है. छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जामिया मिलिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी से राजघाट तक नागरिकता कानून के खिलाफ मार्च हो रहा था. इस दौरान एक युवक ने पिस्तौल से फायरिंग कर दी. युवक के तमंचा लहराने की वीडियो न्यूज एजेंसी एएनआई ने डाली है. इस फायरिंग मेंं गोली एक छात्र को जाकर लगी, जिससे वह घायल हो गया. घायल छात्र प्रदर्शन में हिस्सा ले रहा था. सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात यह है कि प्रदर्शन के दौरान इतनी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था है इसके बाद भी गोली चल गई. इलाके में भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात है. इसके बाद भी आरोपी युवक ने खुलेआम तमंचे से गोली चलाई. युवक ने खुलेआम हथियार लहराया. प्रत्यक्षदर्शियोंं का कहना है कि पुलिस ये सब खड़े होकर देख रही थी. यह शख्स तमंचा लेकर प्रदर्शनकारियों की ओर बढ़ रहा था. लेकिन पुलिस चुप्पी साधे देख रही थी. फिलहाल युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है. घायल युवक के बारे में अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है.