Breaking News

ट्रेन से कटकर एक महिला और दो युवतियों की मौत

07 Jun, 2021 814

संवाददाता/in24 न्यूज़.
बिहार के नरकटियागंज-मुजफ्फरपुर रेलखंड के कुमारबाग और चनपटिया रेलवे स्टेशन के बीच सोमवार की सुबह साढ़े नौ बजे महना रेलवे ढाला के उत्तर समपार फाटक संख्या-6सी के करीब डाउन सप्तक्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस से कटकर एक महिला का सिर धड़ से अलग हो गया और दो युवतियों की मौत हो गई है। मृत महिला की उम्र लगभग 45 वर्ष है, जबकि दोनों युवतियों में एक की अवस्था 22 वर्ष और एक की उम्र 20 वर्ष के आसपास है। इस भयंकर हादसे के बाद आसपास के सैकड़ोें लोग यहां इकट्ठे हो गए। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची चनपटिया थाने की पुलिस ने तीनों शव की पहचान कराने की करीब दो घंटे तक कोशिश की, लेकिन शव को कोई नहीं पहचान सका। बाद में पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। इस बारे मे प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सबसे पहले महिला आई और रेलवे ट्रैक के समीप झाड़ी में बैठ गई। उसके कुछ देर के बाद दोनों युवतियां पहुंचीं और तीनों आपस में बातचीत और खींचातानी कर रहीं थीं। तभी आनंद बिहार से मुजफ्फरपुर की तरफ आ रही डाउन सप्तक्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस 02558 आ गई। महिला रेल ट्रैक की ओर बढ़ने लगी। दोनों युवतियां उसे बचाने की कोशिश में खींच रहीं थीं। इस खींचातानी में तीनों रेल ट्रैक पर पहुंच गईं। उसी समय तेज रफ्तार में हार्न बजाते ट्रेन मौके पर पहुंच गई और तीनों ट्रेन की चपेट में आ गईं। गेटमैन लाल बिहारी राम ने बताया कि रेलवे गुमटी से 100 मीटर की दूरी पर तीनों रेलवे ट्रैक के किनारे दिखी थीं। घटना के बाद चनपटिया रेलवे स्टेशन पर कई ट्रेनें रुकीरहीं, जिससे रेलवे बोर्ड में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में सूचना पाकर पहुंचे रेलकर्मियों ने ट्रैक से शव को अलग हटाया तब रेल का परिचालन शुरू हो सका। युवतियां और महिला को एक ही परिवार के होने का कयास लगाया जा रहा है। घरेलू कलह में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। इस शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच भेज दिया गया है। इस घटना की जांच शुरू कर दी गई है।

अन्य खबरे