ड्रग मामले में अभिनेता अर्जुन रामपाल के घर एनसीबी की छापेमारी
संवाददाता/in24 न्यूज़.
बॉलीवुड में ड्रग्स मामले में अब अभिनेता अर्जुन रामपाल के घर तक नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने छापेमारी की है. आज सुबह एनसीबी ने ड्रग कनेक्शन केस में अभिनेता अर्जुन रामपाल के मुंबई के बांद्रा स्थित घर पर छापेमारी की। बताया जा रहा है कि एनसीबी को रामपाल के घर ड्रग्स होने की सूचना सूत्रों से मिली है, जिस पर यह कार्रवाई की गई। इससे पहले रविवार को एनसीबी ने बॉलीवुड के प्रोड्यूसर फिरोज नाडियाडवाला के घर छापेमारी की थी, लेकिन इस दौरान नाडियाडवाला अपने घर पर नहीं थे। खबर है कि फिरोज के घर से एनसीबी को कुछ ड्रग्स बरामद हुआ है। पिछले महीने रामपाल की गर्लफ्रेंड गेब्रिएला के भाई को ड्रग्स के केस में एनसीबी के गिरफ्तार किया था। उसके पास से हशीश और अल्प्राजोलम की टेबलेट्स मिली थीं। ये दोनों ही चीजें नारकोटिक्स की तरफ से बैन हैं। रामपाल की गर्लफ्रेंड गेब्रिएला के भाई का कनेक्शन ओमेगा गॉडविन नाम के व्यक्ति से भी बताया गया था, जो मुंबई में कोकीन सप्लाई करने के लिए गिरफ्तार हुआ था। इस बात की पुष्टि जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े ने की थी। गौरतलब है कि सुशांत सिंह राजपूत के आत्महत्या केस में बॉलीवुड ड्रग कनेक्शनसामने निकलकर आया था। इसके बाद से एनसीबी एक्शन में आई और अब तक रिया चक्रवर्ती समेत लगभग 23 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। रिया को अक्टूबर में बेल दे दी गयी थी। रिया से पहले उनके भाई शोविक चक्रवर्ती को गिरफ्तार किया गया था। वह अभी भी कस्टडी में हैं और उनकी बेल की अर्जी खारिज की जा चुकी है। इसी मामले में अर्जुन रामपाल की गर्लफ्रेंड के भाई से पहले ही गिरफ़्तारी के बाद पूछताछ की जा चुकी है.